18 May 2025, Sun

पबजी खेलते हुए लड़की पहुँच गई कर्नाटक से उत्तराखंड, और फिर…

पबजी गेम खेलते-खेलते एक लड़की को प्यार का ऐसे बुखार चढ़ा कि हर कोई दंग रह गया। कर्नाटक से उत्तराखंड पहुंची लड़की की तलाश में जब उसके पीछे-पीछे माता-पिता भी पहुंचे पूरा मामला जानकर उनके होश उड़ गए। दो हजार किलोमीटर का सफर तय कर माता-पिता के पहुंचने से पहले ही लड़की ने कोर्ट मैरिज कर ली। 

कर्नाटक की लड़की को उत्तराखंड के उधमसिंहनगर जिले के बाजपुर के एक युवक से प्यार हो गया। युवती कर्नाटक से बाजपुर पहुंच गई और उसने प्रेमी युवक से कोर्ट मैरिज कर ली। वहीं युवती की तलाश करते हुए माता-पिता रविवार को कर्नाटक पुलिस के साथ बाजपुर पहुंच गए।

युवती ने बताया कि वह प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज कर चुकी है और वह अब उसी के साथ रहेगी। आखिरकार माता-पिता और कर्नाटक पुलिस को युवती की जिद के आगे वासस जाना पड़ा। जानकारी के अनुसार, गांव मरियमपुर में रहने वाला आदित्य पुत्र मदन कपड़ों पर प्रिंटिंग का काम करता है।

लॉकडाउन के दौरान उसने मोबाइल पर पबजी गेम खेलना शुरू किया था। इस दौरान उसकी बातचीत थाना तुंगानगर सुमोगा कर्नाटक की रहने वाली सुमैया से होने लगी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान भी हो गय। वर्ष 2022 में आदित्य कंपनी के काम से गोवा में गया था।

वहां से सुमैया का घर भी पास ही था। इन दोनों ने मुलाकात कर साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। वहीं 4 नवंबर 2023 को सुमैया अपने घर से भागकर प्लेन से आदित्य के घर बाजपुर पहुंच गई। यहां पर उसने आदित्य के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा और उसी के साथ रहने की जिद की।

इसके बाद आदित्य के माता-पिता भी मान गए। आदित्य ने सुमैया से कोर्ट मैरिज कर ली। उधर, सुमैया के घर से लापता होने के बाद उसके माता-पिता ने कर्नाटक पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। कर्नाटक पुलिस लोकेशन ट्रेस करते हुए बाजपुर पहुंच गई। रविवार को कर्नाटक पुलिस ने बाजपुर पुलिस की मदद से आदित्य और सुमैया को कोतवाली बुलाया।

यहां पर सुमैया और आदित्य ने बताया कि वे दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से उन दोनों ने विवाह किया है। सुमैया ने कहा कि वह आदित्य के साथ ही रहना चाहती है। इसके बाद कर्नाटक पुलिस ने इन दोनों के लिखित बयान लिए और माता-पिता के साथ वापस चली गई।

थाना तुंगानगर सुमोगा कर्नाटक पुलिस के एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि लड़की ने स्वयं को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से यहां आने, युवक से कोर्ट मैरिज करने की जानकारी दी है। अब वापस जाने से साफ इनकार कर दिया है।

By Ganga

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *