Haryana Weather Update : हरियाणा में मानसून ने दस्तक दे दी है और मौसम ने पूरी तरह से करवट ले ली है। पिछले कुछ दिनों से राज्य में बारिश का सिलसिला जारी है, और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताई है।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज (12 जुलाई) को हरियाणा के 11 जिलों—पलवल, नूंह, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर, चरखी दादरी, पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश हो सकती है।
हिसार की चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून ट्रफ पिछले चार दिनों से उत्तर की ओर बना हुआ है, जिसके चलते दक्षिण-पश्चिम मानसून हरियाणा में सक्रिय है। इससे ज्यादातर इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा सूरतगढ़, भिवानी, अलीगढ़, बांदा, डाल्टनगंज, दीघा से होकर बंगाल की खाड़ी तक फैली है। इसके कारण बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं हरियाणा की ओर आ रही हैं, जिससे 15 जुलाई तक मौसम में बदलाव बना रहेगा। इस दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है।
अगले तीन दिनों का मौसम
13 जुलाई: महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल और यमुनानगर के ज्यादातर इलाकों (50-75%) में बारिश की संभावना है। हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला में कुछ जगहों (25-50%) पर बारिश हो सकती है, जबकि सिरसा और फतेहाबाद के कुछ इलाकों (25%) में हल्की बारिश की उम्मीद है।
14 जुलाई: यमुनानगर, करनाल, पानीपत और सोनीपत के ज्यादातर हिस्सों (50-75%) में बारिश होगी। पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में कुछ जगहों (25-50%) पर बारिश हो सकती है। सिरसा और फतेहाबाद में हल्की बारिश की संभावना है।
15 जुलाई: यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत में ज्यादातर इलाकों (50-75%) में बारिश होगी। रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद, नूंह, जींद, कैथल, अंबाला और पंचकूला में कुछ जगहों (25-50%) पर बारिश की संभावना है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर उन इलाकों में जहां तेज बारिश की संभावना जताई गई है।