Nutrient Deficiency Symptoms : कभी सोचा है कि हमारा शरीर हमसे बात करता है? हाँ, बिल्कुल! बस ज़रूरत है उसके संकेतों को समझने की।
कई बार हम सोचते हैं कि थकान, बालों का झड़ना या मूड स्विंग्स तो आम बात है — पर क्या आपने कभी ध्यान दिया कि ये आपके शरीर की help cry हो सकते हैं?
जब शरीर में ज़रूरी पोषक तत्व (nutrients) की कमी होने लगती है, तो वह धीरे-धीरे कई तरह के संकेत देने लगता है। अगर हम इन्हें समय रहते समझ लें, तो बड़ी बीमारियों से बचा जा सकता है।
बालों का झड़ना — प्रोटीन या आयरन की कमी का संकेत
हर दिन थोड़े बहुत बाल झड़ना नॉर्मल है, लेकिन अगर आपके कंघे में बालों के गुच्छे दिखने लगे, तो ये चेतावनी है। दरअसल, बालों का अधिक झड़ना प्रोटीन, आयरन, जिंक और बायोटिन की कमी के कारण हो सकता है।
ये पोषक तत्व बालों की जड़ों को मज़बूती देते हैं। इनकी कमी होने पर बाल बेजान और टूटने लगते हैं।
क्या करें: अपने डाइट में अंडे, पालक, मेथी दाने, दही और सूखे मेवे शामिल करें।
लगातार थकान या कमजोरी — विटामिन B12 और फोलिक एसिड की कमी
अगर बिना किसी वजह के थकान हमेशा साथ रहती है, तो इसे नज़रअंदाज़ न करें। यह शरीर में विटामिन B12, आयरन या फोलिक एसिड की कमी का साफ़ संकेत हो सकता है।
इन विटामिन्स की कमी से शरीर में ऑक्सीजन का संचार ठीक से नहीं हो पाता, जिससे कमजोरी महसूस होती है।
उपाय: दालें, हरी सब्जियाँ, दही और विटामिन B12 से भरपूर फूड्स लें।
स्किन की समस्याएँ — विटामिन C, E और जिंक की कमी
अगर आपकी स्किन पर बार-बार पिंपल्स, झाइयाँ या खुजली की समस्या होती है, तो यह विटामिन C, विटामिन E या जिंक की कमी की वजह से हो सकता है।
इन न्यूट्रिएंट्स की कमी से न केवल स्किन ड्राई होती है, बल्कि कोई भी घाव बहुत धीरे भरता है।
ध्यान दें: संतरा, नींबू, बादाम, अखरोट और हरी सब्जियाँ इन पोषक तत्वों की पूर्ति करते हैं।
बार-बार बीमार पड़ना — इम्युनिटी कमजोर होने का इशारा
अगर आपको मौसम बदलते ही सर्दी-जुकाम या बुखार हो जाता है, तो यह कमजोर इम्यून सिस्टम का संकेत है। विटामिन C, जिंक, सेलेनियम और प्रोटीन की कमी से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता घट जाती है।
सुझाव: नींबू पानी, अंकुरित अनाज और प्रोटीन-युक्त आहार अपनाएँ।
नाखूनों का कमजोर होना या धब्बे पड़ना
कभी अपने नाखूनों को ध्यान से देखा है? अगर वो जल्दी टूटने लगें या उन पर सफेद धब्बे दिखें, तो ये शरीर में विटामिन D, आयरन या जिंक की कमी की निशानी है।
नाखून हमारे शरीर के अंदर चल रहे पोषण स्तर का आईना होते हैं।
विटामिन D और ओमेगा-3 फैटी एसिड की कमी
कभी-कभी बिना किसी कारण मूड खराब होना या छोटी बात पर गुस्सा आना भी न्यूट्रिएंट्स की कमी का संकेत है। विटामिन D, ओमेगा-3 फैटी एसिड और सेरोटोनिन की कमी से दिमाग के हार्मोन्स प्रभावित होते हैं, जिससे मूड स्विंग्स बढ़ जाते हैं।
क्या करें: रोज़ थोड़ी देर धूप में बैठें, मछली या फ्लैक्स सीड्स को डाइट में शामिल करें।
हमारा शरीर हमें समय-समय पर संकेत देता रहता है, बस ज़रूरत है उन्हें समझने की। अगर आप इनमें से कोई भी लक्षण महसूस करते हैं, तो डॉक्टर से सलाह ज़रूर लें।
संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और मानसिक शांति — यही है एक स्वस्थ जीवन की कुंजी।









