Face Swelling Home Remedies : कई बार सुबह उठते ही आईने में खुद को देखने पर चेहरा थोड़ा फूला हुआ या सूजा-सूजा नजर आता है। ऐसा होना बहुत आम है, लेकिन अगर यह रोज़ का मामला बन जाए, तो इसे नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए।
चेहरे की सूजन (Face Puffiness) अक्सर नींद की कमी, ज्यादा नमक वाला खाना, हार्मोनल बदलाव या शरीर में पानी की कमी जैसी वजहों से होती है। आइए जानते हैं वे 5 आम कारण और कुछ आसान उपाय जो आपकी इस समस्या को कम कर सकते हैं।
देर रात खाना या स्नैक्स लेना
रात को देर से खाना खाने की आदत अगली सुबह चेहरे पर सूजन के रूप में दिखती है। खासकर अगर आप प्रोसेस्ड फूड, ज्यादा नमक या डेयरी प्रोडक्ट्स खाते हैं, तो इसका असर और बढ़ जाता है।
अगर अगली सुबह आपका कोई ज़रूरी मीटिंग या आउटिंग प्लान है, तो रात में हल्का और जल्दी डिनर करें। नूडल्स, नमकीन स्नैक्स, तला-भुना खाना और शराब जैसी चीज़ों से दूरी बनाना फायदेमंद रहेगा।
शरीर में पानी की कमी
जब शरीर को पर्याप्त पानी नहीं मिलता, तो वह कोशिकाओं में पानी रोक कर रखता है, जिससे चेहरे पर सूजन आ जाती है।
इसलिए कोशिश करें कि दिनभर में कम से कम 7–8 गिलास पानी जरूर पिएं। यह न सिर्फ सूजन को कम करेगा, बल्कि आपकी स्किन को ग्लोइंग भी बनाएगा।
नींद की कमी या गलत नींद की आदतें
रात में पर्याप्त नींद न लेना भी चेहरे की सूजन का बड़ा कारण है। जब नींद पूरी नहीं होती, तो शरीर में सूजन बढ़ने लगती है।
हर दिन कम से कम 7 से 8 घंटे की गहरी नींद लेने की कोशिश करें। साथ ही, पेट के बल या एक ही करवट सोने की बजाय करवट बदलते रहना बेहतर होता है, ताकि चेहरे पर प्रेशर न पड़े।
ज्यादा नमक वाला भोजन
बहुत अधिक नमक लेने से शरीर में सोडियम बढ़ जाता है, जिससे पानी रुकने लगता है और चेहरे पर सूजन दिखती है।
नमक का सेवन थोड़ा कम करें और ताजे फल-सब्जियां, दही और नारियल पानी को अपने डाइट में शामिल करें।
हार्मोनल बदलाव या एलर्जी
कई बार सूजन के पीछे कारण पीरियड्स, प्रेग्नेंसी, मेनोपॉज या एलर्जी भी हो सकते हैं। अगर चेहरे की सूजन बार-बार या लगातार बनी रहती है, तो डॉक्टर से सलाह लेना सही रहेगा।
चेहरे की सूजन कम करने के घरेलू उपाय
गुआ शा स्टोन या जेड रोलर से मसाज: इससे ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है और स्किन टाइट होती है।
बर्फ की सिकाई: ठंडी बर्फ चेहरे की रक्त वाहिकाओं को संकुचित करती है, जिससे सूजन तुरंत घटती है।
फेशियल योगा: चेहरे की मांसपेशियों को रिलैक्स करता है और सूजन में प्राकृतिक सुधार लाता है।
नियमित एक्सरसाइज: पसीना आने से शरीर से सोडियम निकलता है और सूजन कम होती है।
जीवनशैली में छोटे बदलाव, बड़ा असर
अगर आप रोज़ सुबह उठते ही चेहरे की सूजन से परेशान हैं, तो अपनी रूटीन में छोटे-छोटे बदलाव करें —
- रात को हल्का और समय पर डिनर लें
- पर्याप्त नींद लें
- दिनभर हाइड्रेटेड रहें
- नमक और प्रोसेस्ड फूड कम खाएं
- सबसे जरूरी, स्ट्रेस कम करें
चेहरे की सूजन कोई गंभीर बीमारी नहीं, लेकिन यह शरीर में असंतुलन का संकेत जरूर है। सही खानपान, नींद और हाइड्रेशन से यह समस्या कुछ ही दिनों में दूर हो सकती है।









