Mutual Funds Investment : अक्टूबर का महीना IPO निवेशकों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं रहा। इस महीने एक के बाद एक बड़े-बड़े IPO आए और निवेशकों ने भी खूब प्यार लुटाया। खास बात यह है कि इन IPO में म्यूचुअल फंड्स (Mutual Funds) ने जमकर पैसा लगाया।
सिर्फ अक्टूबर में ही 10 बड़े IPO आए जिन्होंने कुल मिलाकर 45,000 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटा लिए। इनमें से म्यूचुअल फंड्स ने अकेले 13,500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया। तो चलिए आज आपको बताते हैं कि कौन से IPO में किन-किन म्यूचुअल फंड्स ने कितना दांव लगाया।
इन IPO को म्यूचुअल फंड्स ने लपक लिया
सबसे ज्यादा चर्चा में रहा LG Electronics India का IPO। इस 11,607 करोड़ रुपये के मेगा इश्यू में म्यूचुअल फंड्स ने करीब 45% हिस्सा लिया और 5,237.2 करोड़ रुपये डाल दिए। इसी तरह WeWork India Management के 3,000 करोड़ के IPO में भी म्यूचुअल फंड्स ने 1,413.1 करोड़ रुपये का निवेश किया, यानी करीब 47% सब्सक्रिप्शन।
केनरा HSBC Life Insurance का इश्यू तो म्यूचुअल फंड्स का सबसे पसंदीदा रहा। 2,517.5 करोड़ के इस इश्यू में म्यूचुअल फंड्स ने 71% तक सब्सक्राइब किया और 1,807.7 करोड़ रुपये लगा दिए। Canara Robeco Asset Management और Midwest के IPO में भी म्यूचुअल फंड्स ने 55-55% से ज्यादा हिस्सा लिया।
टॉप 10 IPO में म्यूचुअल फंड्स का पूरा हिसाब-किताब
यहाँ देखिए अक्टूबर के टॉप IPO और म्यूचुअल फंड्स ने कितना निवेश किया:
- LG Electronics India IPO: 5,237.2 करोड़ (इश्यू साइज 11,607 करोड़)
- Tata Capital IPO: 2,008.9 करोड़ (इश्यू साइज 15,511.9 करोड़)
- Canara HSBC Life Insurance IPO: 1,807.7 करोड़ (इश्यू साइज 2,517.5 करोड़)
- WeWork India Management IPO: 1,413.1 करोड़ (इश्यू साइज 3,000 करोड़)
- Lenskart Solutions IPO: 1,130.1 करोड़ (इश्यू साइज 7,278 करोड़)
- Canara Robeco Asset Management IPO: 714.8 करोड़ (इश्यू साइज 1,326.1 करोड़)
- Rubicon Research IPO: 675.8 करोड़ (इश्यू साइज 1,377.7 करोड़)
- Midwest IPO: 250.8 करोड़ (इश्यू साइज 451.1 करोड़)
- Orkla India IPO: 191.9 करोड़ (इश्यू साइज 1,667.5 करोड़)
- Studds Accessories IPO: 97 करोड़ (इश्यू साइज 455.5 करोड़)
- टाटा कैपिटल को लगा झटका, सिर्फ 13% मिला!
सबस बड़ा इश्यू Tata Capital का था – 15,511.9 करोड़ रुपये का। लेकिन म्यूचुअल फंड्स ने इसमें सिर्फ 13% ही सब्सक्राइब किया और 2,008.9 करोड़ रुपये ही लगाए। Lenskart Solutions को भी महज 15% सब्सक्रिप्शन मिला, जिसमें 1,130.1 करोड़ रुपये का निवेश हुआ।
कुल मिलाकर अक्टूबर IPO सीजन म्यूचुअल फंड्स के लिए शानदार रहा। LG Electronics India IPO, Canara HSBC Life Insurance IPO और WeWork India Management IPO टॉप फेवरेट रहे। अगर आप भी अगले IPO में पैसा लगाने का सोच रहे हैं तो म्यूचुअल फंड्स की पसंद को जरूर देख लें।









