Yamaha RayZR : भारत में यामाहा के टू-व्हीलर को ग्राहक खूब पसंद करते हैं और अक्टूबर 2025 की मॉडल-वाइज सेल्स रिपोर्ट ने यह साफ कर दिया है। इस बार सबसे आगे निकला यामाहा RayZR स्कूटर, जिसने पूरे बाजार में तहलका मचा दिया।
यामाहा RayZR ने अक्टूबर में कुल 22,738 यूनिट बेचकर नंबर-1 पोजीशन हथिया ली। पिछले साल अक्टूबर 2024 में यामाहा RayZR की 18,451 यूनिट ही बिकी थीं, यानी इस बार 23.23% की जबरदस्त ग्रोथ देखने को मिली।
इतना ही नहीं, यामाहा RayZR ने अकेले दम पर 33.25% मार्केट शेयर भी कब्जा लिया। चलिए अब देखते हैं बाकी यामाहा मॉडल्स का क्या हाल रहा।
30% से ज्यादा धड़ाम हुई यामाहा R15 की बिक्री
सेल्स चार्ट में दूसरा स्थान हासिल किया यामाहा FZ सीरीज ने। यामाहा FZ ने अक्टूबर में 16,250 यूनिट बेचीं, लेकिन पिछले साल की तुलना में 9.09% की गिरावट दर्ज की गई।
तीसरे नंबर पर रही यामाहा MT15 जिसने 13,173 यूनिट बेचीं और सालाना आधार पर सिर्फ 1.73% की मामूली गिरावट देखी। लेकिन सबसे बड़ा झटका लगा यामाहा R15 को। पॉपुलर स्पोर्ट्स बाइक यामाहा R15 की बिक्री 30.57% तक लुढ़क गई और सिर्फ 7,949 यूनिट ही बिक पाईं।
सिर्फ 15 यूनिट बिकीं यामाहा R3 और MT03
स्कूटर सेगमेंट में यामाहा Fascino ने शानदार वापसी की। यामाहा Fascino ने 52.68% की शानदार बढ़ोतरी के साथ 5,361 यूनिट बेचीं और पांचवें स्थान पर रही।
छठे नंबर पर यामाहा Aerox 155 रही जिसने 2.23% की ग्रोथ के साथ 2,889 यूनिट बेचीं। लेकिन सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा रहा यामाहा R3 और MT03 का। ये दोनों हाई-परफॉर्मेंस बाइक्स मिलकर पूरे महीने में सिर्फ 15 यूनिट ही बिक पाईं, यानी सालाना आधार पर 37.50% की भारी गिरावट।









