---Advertisement---

अंकिता हत्याकांड: ‘सबूत मांगने पर पीठ दिखा गई कांग्रेस’, महेंद्र भट्ट का करारा हमला

---Advertisement---

उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हर वक्त ‘वीआईपी’ का राग अलापने वाली कांग्रेस उस वक्त पीठ दिखाकर भाग गई, जब जांच एजेंसियों ने उससे सबूत मांगे थे। भट्ट ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस एक छेड़छाड़ किए गए वायरल वीडियो के जरिए शर्मनाक राजनीति कर रही है।

भट्ट ने याद दिलाया कि तत्कालीन डीजीपी ने सार्वजनिक अपील की थी कि जिसके पास भी वीआईपी से जुड़ी जानकारी हो, वह सामने आए। उस वक्त कांग्रेस खामोश रही और अदालत में भी कोई साक्ष्य पेश नहीं कर पाई। भाजपा अध्यक्ष का कहना है कि अंकिता के नाम पर अनावश्यक षड्यंत्र कर कांग्रेस उस बेटी की आत्मा का अपमान कर रही है।

जिस वायरल ऑडियो को कांग्रेस हथियार बना रही है, उसे लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। ऑडियो में जिस व्यक्ति की आवाज होने का दावा किया जा रहा है, उन्होंने खुद कहा है कि एआई (AI) की मदद से उनकी आवाज के साथ छेड़छाड़ की गई है। मोबाइल की फॉरेंसिक जांच के बाद सच्चाई सबके सामने आ जाएगी।

कड़ी पैरवी से नहीं मिली जमानत

महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह पुलिस की कड़ी जांच और सरकार की मजबूत पैरवी का ही नतीजा है कि मुख्य आरोपी आज तक जमानत पर बाहर नहीं आ पाए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया था।

पीड़ित परिवार की मांग के मुताबिक ही सरकारी वकील नियुक्त किए गए। भट्ट ने दावा किया कि सरकार ने ऐसी मजबूत पैरवी की है जिससे अपराधियों को सख्त से सख्त सजा (आजीवन कारावास) मिलना तय है।

चुनाव से पहले भटकाने की कोशिश

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए चुनाव से ठीक पहले यह मुद्दा उछाल रही है। जिस महिला का ऑडियो वायरल किया जा रहा है, उसके पुराने कृत्य और राजनीतिक षड्यंत्र भी किसी से छिपे नहीं हैं। भट्ट ने सवाल उठाया कि बिना पुष्टि के आरोप लगाना कांग्रेस की हताशा दिखाता है।

उन्होंने मांग की कि ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयानों के लिए कांग्रेस नेताओं को सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। जनता ने अंकिता की लड़ाई लड़ने का जनादेश भाजपा को दिया है, इसलिए कांग्रेस को दुष्प्रचार और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से बाज आना चाहिए।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment