अंकिता भंडारी हत्याकांड में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के वायरल वीडियो ने उत्तराखंड की राजनीति में भूचाल ला दिया है. ‘गट्टू’ नाम के वीआईपी का जिक्र आने के बाद कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर हाई कोर्ट के सिटिंग जज से जांच की मांग तेज कर दी है.
देहरादून : उत्तराखंड की शांत फिजाओं में अंकिता भंडारी हत्याकांड का शोर एक बार फिर गूंजने लगा है. इस बार वजह अदालती कार्यवाही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक वीडियो है. अभिनेत्री उर्मिला सनावर, जो खुद को भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं, ने एक वीडियो जारी कर सियासी हलकों में खलबली मचा दी है.
यह भी पढ़ें : अंकिता केस: वनंतरा रिजॉर्ट पर पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी, 30 दिसंबर को बड़े आंदोलन की तैयारी
इस वीडियो में उन्होंने अंकिता भंडारी केस से जुड़े कथित ‘VVIP’ के तौर पर ‘गट्टू’ नाम का जिक्र किया है. इस नए खुलासे ने दबे हुए मामले को फिर से हवा दे दी है और विपक्ष को सरकार पर हमला करने का एक नया हथियार थमा दिया है.
सड़कों पर उतरी कांग्रेस, जांच की मांग तेज
वीडियो सामने आते ही कांग्रेस आक्रामक हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इस मुद्दे को लेकर डोईवाला ब्लॉक में मोर्चा संभाला. उन्होंने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ कैंडल मार्च निकाला और अंकिता को न्याय दिलाने के लिए आवाज बुलंद की. हरीश रावत ने स्पष्ट कहा कि महज गिरफ्तारियों से काम नहीं चलेगा, असली गुनहगार अब भी पर्दे के पीछे हैं.
कांग्रेस का कहना है कि जिस ‘VVIP’ का नाम वीडियो में सामने आया है, उसकी सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए. पार्टी ने हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में पूरे मामले की दोबारा जांच कराने की मांग सरकार के सामने रखी है.
यह भी पढ़ें : अंकिता केस: ‘सोशल मीडिया ट्रायल’ पर भड़की भाजपा, कांग्रेस को दी नसीहत – सबूत हैं तो कोर्ट जाएं
देहरादून में पुलिस और यूथ कांग्रेस में झड़प
राजधानी देहरादून में भी इस मुद्दे की तपिश महसूस की गई. यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लेंसडाउन चौक से भाजपा महानगर कार्यालय की ओर कूच करने की कोशिश की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई. पुलिस ने कनक चौक पर बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोका, जहां पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई.
युवा कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाति नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता “न्याय दो” के नारे लगाते रहे. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और पुलिस लाइन ले गई.
क्या है पूरा मामला?
पौड़ी गढ़वाल के डोभ श्रीकोट की रहने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी ऋषिकेश के पास वनंत्रा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थी. उसकी हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिसॉर्ट मालिक पुलकित आर्य समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था. निचली अदालत ने दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है और वे फिलहाल जेल में हैं.
यह भी पढ़ें : सचिवालय से निकलकर गांवों तक पहुंची सरकार, एक दिन में निपटाए 8 हजार मामले
लेकिन, अंकिता पर जिस ‘VVIP’ को ‘स्पेशल सर्विस’ देने का दबाव था, उसका नाम चार्जशीट में कभी स्पष्ट नहीं आया. अब उर्मिला सनावर के वीडियो ने उस ‘अनसुलझे सवाल’ को फिर से जिंदा कर दिया है, जिस पर उत्तराखंड की राजनीति अब उबल रही है.









