भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने अंकिता भंडारी प्रकरण में सीबीआई जांच के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीड़ित परिवार की भावनाओं का सम्मान किया है और इस जांच से सोशल मीडिया पर फैले भ्रम और शंकाओं पर पूर्ण विराम लग
Ankita Bhandari Case : भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने अंकिता भंडारी प्रकरण की सीबीआई जांच कराने के निर्णय को समय की मांग बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह कदम उठाकर साबित कर दिया है कि सरकार के लिए पीड़ित परिवार की भावनाएं सर्वोपरि हैं।
वायरल वीडियो से पैदा हुआ था भ्रम
पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यशाला के दौरान मीडिया से बात करते हुए रेखा वर्मा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर बातचीत के कुछ वीडियो वायरल हो रहे थे। इन वीडियो ने प्रदेश में एक तरह के भ्रम और शंका का माहौल बना दिया था। ऐसी स्थिति में एक जनकल्याणकारी सरकार का दायित्व निभाते हुए मुख्यमंत्री धामी ने पहल की।
उन्होंने सबसे पहले इस घटना से प्रभावित पीड़ित परिवार से सीधी बातचीत की और उनकी सहमति मिलने के बाद ही अपने वादे के मुताबिक सीबीआई जांच के आदेश दिए।
विपक्ष की दोहरी नीति पर प्रहार
भाजपा नेत्री ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जैसे ही मामला संज्ञान में आया था, भाजपा सरकार ने तत्काल एसआईटी जांच करवाई और ठोस पैरवी के दम पर दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दिलवाई। इसके बावजूद, इस मुद्दे पर लगातार राजनीति की जा रही है।
वर्मा ने उम्मीद जताई कि अब जारी राजनीतिक बहस बंद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जो लोग एक तरफ सीबीआई पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हैं और दूसरी तरफ हर घटना में सीबीआई जांच मांगते हैं, यह जांच उनकी जुबान बंद करने का काम करेगी। कांग्रेस के लिए यह दुखद घटना सिर्फ एक राजनीतिक मुद्दा रही है, जबकि भाजपा ने हमेशा जनभावनाओं का सम्मान किया है।









