देहरादून के रायपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से मंगलसूत्र लूटने वाले ब्लिंकिट (Blinkit) डिलीवरी बॉय को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी डिलीवरी की आड़ में अकेली महिलाओं की रेकी करता था और महंगे शौक पूरे करने के लिए उस पर भारी कर्ज था। पुलिस ने उसके पास से 1.5 लाख रुपये का मंगलसूत्र बरामद कर लिया है।
Blinkit Delivery Boy : देहरादून पुलिस ने रायपुर क्षेत्र में हुई चेन स्नेचिंग की घटना का पर्दाफाश करते हुए एक ब्लिंकिट (Blinkit) डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया है।
आरोपी दिन में सामान डिलीवर करने के बहाने मोहल्लों में घूमता था और मौका पाते ही लूट की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचकर उसके पास से लूटा गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया है।
डिलीवरी के बहाने करता था रेकी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सचिन (30), पुत्र सर्वेश कुमार, मूल रूप से सहारनपुर (यूपी) का रहने वाला है और वर्तमान में जोगीवाला, देहरादून में रहता है। वह रिंग रोड स्थित ब्लिंकिट एजेंसी में काम करता है।
पूछताछ में उसने कबूला कि डिलीवरी के दौरान वह आते-जाते रास्तों पर अकेली महिलाओं की रेकी करता था। 25 जनवरी की सुबह भी वह काम पर जा रहा था, तभी उसने नाथुवावाला ढांग क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को अकेले जाते देखा और वारदात को अंजाम दे दिया।
क्या था पूरा मामला?
घटना 25 जनवरी 2026 की है। वादी गणेश दत्त बहुगुणा ने रायपुर थाने में तहरीर दी थी कि उनकी मां कुन्ती देवी नथुवावाला ढांग में अपने रिश्तेदारों के यहां पैदल जा रही थीं। तभी शिव मंदिर के पास वाली ढलान पर बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर आए एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया।
महिला जब तक संभलती, आरोपी मौके से फरार हो गया। एसएसपी देहरादून ने बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीमों का गठन किया था।
कर्ज और महंगे शौक ने बनाया अपराधी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी सचिन ने बताया कि उसे महंगे शौक हैं, जिसके चलते उसने कई लोगों से उधार ले रखा था। कर्जदार अपने पैसे मांग रहे थे। जल्दी पैसा कमाने और कर्ज उतारने के लालच में उसने स्नैचिंग की योजना बनाई।
वह लूटे गए मंगलसूत्र (कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये) को बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर उसे बद्रीश कॉलोनी के पास जंगल से गिरफ्तार कर लिया।









