भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कांग्रेस के नए अभियान को पार्टी में चल रही गुटबाजी और बिखराव से ध्यान हटाने की ‘नौटंकी’ बताया है। उन्होंने दावा किया कि धामी सरकार ने 30 हजार सरकारी नौकरियां और खनन प्रबंधन में पुरस्कार हासिल कर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया है। चमोली ने कांग्रेस के चतुर्भुज नेतृत्व को भाजपा से मुकाबले के लिए नाकाफी बताया।
देहरादून : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस द्वारा घोषित प्रदेश व्यापी अभियान पर तीखा पलटवार किया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने इसे कांग्रेस की अंदरूनी कलह और बिखराव से जनता का ध्यान हटाने की एक कोशिश करार दिया है। उन्होंने साफ कहा कि यह अभियान महज एक ‘नौटंकी’ है, क्योंकि कांग्रेस इस वक्त अपनी ही गुटबाजी से जूझ रही है।
गुटबाजी और बिखराव का डर
विनोद चमोली ने कांग्रेस के ऐलान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्षी दल को अपने बिखरते कुनबे की चिंता सता रही है। उनके मुताबिक, चुनाव से ठीक पहले इस तरह के अभियान छेड़कर कांग्रेस अपनी जमीनी हकीकत टटोलना चाहती है, ताकि उन्हें पता चल सके कि जनता के बीच उनका आधार बचा भी है या नहीं।
चमोली ने कांग्रेस के ‘चतुर्भुज नेतृत्व’ के ढांचे को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि यह भाजपा के मजबूत संगठन से मुकाबले के लिए पूरी तरह नाकाफी है। हाईकमान ने यह नेतृत्व केवल गुटबाजी रोकने के लिए बनाया है।
खनन और रोजगार के आंकड़ों से जवाब
कांग्रेस द्वारा खनन और बेरोजगारी पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए चमोली ने सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड को खनन में बेहतर प्रबंधन और आर्थिक सुधार के लिए पुरस्कार मिला है, जो कांग्रेस के आरोपों की पोल खोलता है।
रोजगार के मोर्चे पर उन्होंने दावा किया कि अब तक 30 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है, जबकि लाखों लोग स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने रुद्रपुर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस खुद कटघरे में है।
सीएम की ‘जीरो टॉलरेंस’ और जन सुनवाई
चमोली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को विपक्ष की घबराहट की वजह बताया। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि रिश्वतखोरी जैसे मामलों में 300 से अधिक लोग जेल भेजे गए हैं।
सीएम धामी खुद ‘जनता के द्वार’ जाकर जन-जन की सुनवाई कर रहे हैं। अब तक आयोजित 384 कैंपों में लगभग 4 लाख लोगों की समस्याओं का निस्तारण किया जा चुका है।
चमोली ने जोर देकर कहा कि लखपति दीदी योजना और महिला स्वयं सहायता समूहों को मिल रहे राष्ट्रीय पुरस्कार सरकार की सफलता का प्रमाण हैं। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब भाजपा का मजबूत बूथ नेटवर्क और जनसेवा ही देगी।









