देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने शनिवार को चकराता और कौलागढ़ रोड पर चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने एजेंसियों को सख्त आदेश दिया है कि मुख्य मार्गों पर खुदाई का काम केवल रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ही होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी या जनता को परेशानी होने पर सीधे एफआईआर और मशीनों की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
Dehradun : देहरादून में स्मार्ट सिटी और अन्य भूमिगत परियोजनाओं के कारण जनता को हो रही परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल अब एक्शन मोड में हैं।
शनिवार को डीएम ने अपनी क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के साथ चकराता रोड और कौलागढ़ रोड पर चल रहे कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्युत, पेयजल, सीवरेज और गैस पाइपलाइन बिछाने वाली एजेंसियों की कार्यप्रणाली को मौके पर परखा गया।
10 बजे से सुबह 6 बजे तक ही होगी खुदाई
जिलाधिकारी ने निर्माणदायी संस्थाओं के लिए टाइमलाइन बिल्कुल स्पष्ट कर दी है। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर के मुख्य मार्गों पर खुदाई का काम केवल रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच ही किया जाएगा।
इसका मकसद दिन के समय आम जनता और ट्रैफिक को धूल व जाम से बचाना है। डीएम ने दो टूक कहा कि अगर रात में सड़क खोदी गई है, तो सुबह होने से पहले गड्ढा भरना अनिवार्य होगा। अधूरा काम छोड़ने पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।
काम पूरा होते ही आज ही हो ‘ब्लैकटॉप’
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि कई जगहों पर काम पूरा होने के बाद भी सड़कों को पक्का नहीं किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां कार्य पूरा हो चुका है, वहां आज ही सड़क का ब्लैकटॉप (डामरीकरण) कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अनुमति से ज्यादा सड़क काटने या मलबा सड़क पर छोड़ने की स्थिति में संबंधित एजेंसी का सामान जब्त कर लिया जाएगा और विधिक कार्रवाई भी होगी।
बैरिकेडिंग नहीं मिली तो खैर नहीं
जन सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए जिलाधिकारी ने सुरक्षा मानकों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने आदेश दिया कि हर खुदाई स्थल पर बैरिकेडिंग और चेतावनी साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से होने चाहिए।
अक्सर खुले गड्ढे हादसों का सबब बनते हैं, इसलिए लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। डीएम ने कहा कि पर्याप्त मैनपावर और मशीनरी लगाकर प्रोजेक्ट्स को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
इन इलाकों की हुई जांच
डीएम सविन बंसल ने यमुना कॉलोनी, बल्लूपुर चौक, किशन नगर चौक, ओएनजीसी चौक, राजेंद्र नगर और चकराता रोड का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने ओएनजीसी चौक से किशन नगर तक गैस पाइपलाइन और रमाड से बल्लूपुर तक बिजली केबल के कार्यों को देखा।
इस दौरान एसडीएम कुमकुम जोशी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, सीओ ट्रैफिक जगदीश पंत और लोक निर्माण विभाग व स्मार्ट सिटी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।









