देहरादून के चंद्रबनी चौक स्थित एक कैफे में बर्थडे पार्टी के दौरान हुए विवाद में घायल युवती माही जेटली ने सामने आकर घटना की सच्चाई बताई है। युवती के अनुसार, सिर पर चोट जानबूझकर किए गए हमले से नहीं बल्कि दो पक्षों के बीच झगड़े में गलती से ‘करछी’ लगने के कारण आई थी। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की कोशिशें तेज कर दी हैं।
देहरादून : पटेलनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चंद्रबनी चौक स्थित एक कैफे में 5 फरवरी की शाम को हुए बवाल में नया मोड़ आया है। घायल युवती माही जेटली ने सार्वजनिक रूप से बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि उन पर कोई जानबूझकर घातक हमला नहीं किया गया था।
युवती ने सोशल मीडिया और स्थानीय चर्चाओं में चल रही ‘चापड़’ से हमले की खबरों को पूरी तरह निराधार और अफवाह बताया है।
आपसी झगड़े में लगी चोट
माही जेटली ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ कैफे में बैठी थीं, तभी वहां मौजूद दो पक्षों के बीच अचानक विवाद शुरू हो गया। इस हाथापाई के दौरान दूसरे पक्ष के एक युवक ने हाथ में पकड़ी करछी (बड़ी चम्मच) घुमाई, जो दुर्घटनावश माही के सिर पर लग गई।
इस चोट के कारण उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा जहां उनके सिर पर 7 टांके आए हैं। युवती ने साफ किया कि विवाद किसी और का था और वह केवल उसकी चपेट में आ गईं।
तीन युवकों पर नामजद मुकदमा
भले ही युवती इसे दुर्घटना बता रही है, लेकिन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई जारी रखी है। युवती के भाई पीयूष की तहरीर पर पटेलनगर पुलिस ने आयुष रावत, सूरज राणा और हिमांशु के खिलाफ धारा 118(1) और 352 (BNS) के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस कैफे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि झगड़े की असल वजह और आरोपियों की संलिप्तता का सटीक पता लगाया जा सके।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
देहरादून पुलिस की टीमें नामजद तीनों युवकों की तलाश में दबिश दे रही हैं, जो घटना के बाद से ही फरार चल रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
चंद्रबनी और आसपास के क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कैफे संचालकों को भी देर रात तक होने वाली गतिविधियों पर लगाम लगाने के निर्देश दे रही है।









