देहरादून। सहसपुर थाना क्षेत्र के धर्मावाला चौक पर बीती रात सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हुड़दंग करने वाले चार आरोपियों को दून पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे तत्वों में हड़कंप मच गया है।
22 मार्च 2026 की रात पुलिस को सूचना मिली कि धर्मावाला चौक पर कुछ शरारती तत्व एक युवक के साथ मारपीट कर हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सहसपुर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा, जहां आरोपी एक युवक को पीट रहे थे।
पीड़ित रविंद्र सिंह निवासी शाहपुर कल्याणपुर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि अभियुक्तों ने अपनी गाड़ी को खतरनाक तरीके से चलाकर आम जनता की जान भी जोखिम में डाली।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में इस्तेमाल की गई महिंद्रा XUV 300 (नंबर UP37L 7421) को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इकराम (36), विशाल गोयल (32), शाहरुख (26) और अरशद (26) के रूप में हुई है।
सहसपुर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की धारा 115(2), 281, 324(4), 352 और 351(2) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 59/26 पंजीकृत किया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे।









