---Advertisement---

देहरादून से पिथौरागढ़ अब सिर्फ 60 मिनट में, CM धामी ने दिखाई 42 सीटर विमान को झंडी

---Advertisement---

देहरादून। उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ और राजधानी देहरादून (Dehradun-Pithoragarh Flight Service) की दूरी अब सिमट कर केवल 60 मिनट रह गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रामनवमी के पावन अवसर पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट से बहुप्रतीक्षित देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून विमान सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

एलाइंस एयर द्वारा संचालित यह 42 सीटर विमान सेवा न केवल आम यात्रियों के लिए सुगम होगी, बल्कि सामरिक दृष्टिकोण से चीन सीमा के करीब स्थित पिथौरागढ़ के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ किया कि यह सेवा दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का एक बड़ा माध्यम बनेगी।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को याद करते हुए कहा कि एक दौर था जब हवाई यात्रा सिर्फ खास लोगों तक सीमित थी। आज ‘उड़ान’ योजना के कारण हवाई चप्पल पहनने वाला नागरिक भी आसमान की दूरी नाप रहा है। केंद्र सरकार ने हाल ही में उड़ान 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में ₹29,000 करोड़ के बजट से 100 नए हवाई अड्डे और 200 नए हेलीपैड तैयार किए जाएंगे।

उत्तराखंड जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य के लिए यह सेवाएं किसी जीवन रेखा से कम नहीं हैं। आपातकालीन स्थिति में गंभीर मरीजों को एयरलिफ्ट करने से लेकर रसद पहुंचाने तक में इन विमानों की भूमिका अहम होगी। वर्तमान में राज्य में 26 हवाई मार्गों पर संचालन हो रहा है, जिसमें से 6 मार्ग विशेष तौर पर “उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना” के तहत एक्टिव हैं।

पिथौरागढ़ के बुनियादी ढांचे को लेकर धामी सरकार ने बड़े दांव लगाए हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नैनी सैनी हवाई अड्डे को ₹450 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) और राज्य सरकार के बीच इस एयरपोर्ट के अधिग्रहण को लेकर एमओयू भी साइन हो चुका है, जिससे भविष्य में यहां से बड़े विमानों की आवाजाही और आसान होगी।

सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच भी हेली सेवा शुरू कर दी है। पिछले चार वर्षों के भीतर प्रदेश में बुनियादी ढांचे में भारी उछाल आया है, जहां हेलीपैड्स की संख्या 60 से बढ़कर 118 पहुंच गई है। नागरिक उड्डयन क्षेत्र में इस शानदार प्रदर्शन के लिए उत्तराखंड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने भी वीडियो संदेश के जरिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी और एलाइंस एयर के सीएमडी अमित कुमार सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment