---Advertisement---

Dehradun News : पुलिस हिरासत में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत, थानाध्यक्ष समेत 4 नपे

---Advertisement---

देहरादून। राजधानी के रायपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस अभिरक्षा में एक व्यक्ति की मौत से हड़कंप मच गया है। शनिवार दोपहर करीब 3:15 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि लाडपुर स्थित महादेव फ्यूल पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत होकर कर्मचारियों के साथ बदतमीजी और मारपीट कर रहा है।

पेट्रोल भराने के बाद पैसे न देने के विवाद पर पहुंची चीता पुलिस ने आरोपी को समझाने की कोशिश की, लेकिन हंगामा बढ़ता देख उसे वाहन सहित थाने लाया गया।

थाने पहुंचने पर आरोपी की पहचान 45 वर्षीय सुनील रतूड़ी, पुत्र शिवानन्द रतूड़ी, निवासी 10 पीआरडी कालोनी, तपोवन रोड के रूप में हुई। पुलिस द्वारा एल्कोहल मीटर से की गई जांच में भारी मात्रा में नशा (231.6 mg/100ml) पाया गया।

इस पर पुलिस ने धारा 185/207 एमवी एक्ट के तहत उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद भी सुनील कार्यालय में लगातार शोर-शराबा और सरकारी काम में बाधा डाल रहा था, जिसके बाद उसे हवालात में दाखिल किया गया।

हवालात में दाखिल किए जाने के कुछ ही देर बाद निगरानी ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल ने देखा कि सुनील रतूड़ी बेहोश पड़ा है। आनन-फानन में थानाध्यक्ष और अन्य कर्मी उसे कोरोनेशन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून ने तुरंत एक्शन लिया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए थानाध्यक्ष रायपुर और थाने में तैनात तीन अन्य पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया है।

मृतक के शव का पंचायतनामा मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में भरा जाएगा। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पूरे प्रकरण की जुडिशल और मजिस्ट्रेट जांच कराई जाएगी।

पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के एक विशेष पैनल द्वारा किया जाएगा, जिसकी पूरी वीडियोग्राफी भी होगी। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की गहनता से पड़ताल जारी है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment