देहरादून, 01 अप्रैल (द ऑनलाइन पोस्ट)। चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने केदारनाथ हेली सेवा (Kedarnath Heli Service) के नए किरायों की सूची जारी कर दी है। 19 अप्रैल से शुरू हो रही यात्रा के लिए इस बार किराए के गणित में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रशासन ने कुछ रूटों पर यात्रियों को बड़ी राहत दी है, तो वहीं फाटा जैसे व्यस्त पड़ाव से सफर करना अब जेब पर भारी पड़ेगा।
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड के इन 4 शहरों में बिजली हुई सस्ती, चेक करें अपना नया टैरिफ
22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हो जाएगी। यूकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान के मुताबिक, इस साल कुल 8 हेली कंपनियों को यात्रा के संचालन का जिम्मा सौंपा गया है। इन कंपनियों को गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी के तीन अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है ताकि भीड़ का प्रबंधन सुचारू रूप से किया जा सके।
किराये की बात करें तो सिरसी से केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं की लॉटरी लग गई है। पिछले साल इस रूट पर यात्रियों को ₹8839 खर्च करने पड़ते थे, लेकिन इस बार किराया घटाकर ₹6086 कर दिया गया है। यानी सीधे तौर पर प्रति यात्री ₹2753 की बचत होगी। वहीं, गुप्तकाशी रूट पर भी मामूली राहत देते हुए किराया ₹12444 से घटाकर ₹12,154 कर दिया गया है।
दूसरी ओर, फाटा से केदारनाथ जाने वालों को अब ज्यादा पैसे देने होंगे। पिछले साल ₹8842 के मुकाबले इस बार ₹9680 का टिकट तय किया गया है, जो ₹838 की सीधी वृद्धि दर्शाता है। ध्यान रहे कि इन घोषित दरों के अतिरिक्त यात्रियों को जीएसटी (GST) और IRCTC पोर्टल का ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुल्क अलग से देना होगा।
ये भी पढ़ें: पहाड़ों पर बर्फबारी और दिल्ली-UP में बारिश, अगले 72 घंटों में पलटने वाला है मौसम का मिजाज
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। गुप्तकाशी में 2, फाटा में 4 और सिरसी में 2 ऑपरेटर अपनी सेवाएं देंगे। टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए इस बार भी केवल IRCTC के आधिकारिक पोर्टल heliyatra.irctc.co.in के जरिए ही बुकिंग स्वीकार की जाएगी। स्लॉट बुकिंग की तारीखों का ऐलान अगले कुछ दिनों में होने की संभावना है।









