---Advertisement---

सावधान! देहरादून में 10 अप्रैल तक रहेगा ‘पावर कट’, चेक करें इन 50 से ज्यादा इलाकों की लिस्ट

---Advertisement---

देहरादून, 06 अप्रैल (दून हॉराइज़न)। राजधानी देहरादून के शहरी और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले हजारों उपभोक्ताओं को अगले पांच दिनों तक भारी बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। यूपीसीएल ने मातावाला बाग और बिंदाल बिजलीघर से जुड़ी लाइनों के विस्तारीकरण और मरम्मत के चलते 10 अप्रैल तक का शटडाउन शेड्यूल जारी किया है।

बिंदाल पुल से मातावाला बाग बिजलीघर के लिए नई 33 केवी लाइन बिछाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू हो गया है। इस तकनीकी अपग्रेडेशन की वजह से बिंदाल-निरंजनपुर और तिलक रोड फीडर से जुड़े इलाकों में 6 से 10 अप्रैल तक रोजाना करीब सात घंटे आपूर्ति बाधित रहेगी।

कटौती का सबसे ज्यादा असर भंडारीबाग, पटेलनगर, कांवली रोड, केशव रोड, आढ़त बाजार, झंडा गली, कुसुम विहार और मुस्लिम कॉलोनी में देखा जाएगा। इन क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली गुल रहेगी। वहीं तिलक रोड, खुड़बुड़ा, मच्छी बाजार और आनंद चौक में 8 अप्रैल तक इसी समय अंतराल में शटडाउन रहेगा।

परेड ग्राउंड और आराघर जैसे पॉश इलाकों में भी फीडर मरम्मत के चलते 9 अप्रैल तक सप्लाई बाधित रहेगी। 11 केवी रैफल होम और राजपुर रोड फीडर पर आवश्यक सुधार कार्य किए जाने हैं, जिसके चलते सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली नहीं आएगी।

दूसरी तरफ, यूपीसीएल के देहरादून ग्रामीण क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता (SE) विजय कुमार सिंह ने एक गंभीर मामले में जांच के आदेश दिए हैं। राघव विहार अलकनंदा श्यामपुर में झाझरा-मोहनपुर 33 केवी लाइन को नियमों के खिलाफ भूमिगत करने की शिकायत मिली थी।

पहाड़ी महासभा की महासचिव गीता बिष्ट ने इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि इस लापरवाही से 40 परिवारों की सुरक्षा दांव पर है। एसई ने रायपुर खंड के ईई को जांच अधिकारी नियुक्त कर 10 दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

मोहनपुर और गणेशपुर बिजलीघर के उपभोक्ताओं को भी 11 अप्रैल तक परेशानी झेलनी होगी। मेंहूवाला और ऋषि विहार फीडर पर जर्जर कंडक्टर (तार) बदले जा रहे हैं। पित्थुवाला, वन विहार, हिमाद्री एन्क्लेव और नया नगर में 8 अप्रैल तक और ऋषि विहार, तेलपुर चौक व चौहान मोहल्ला में 11 अप्रैल तक सुबह 10 से शाम 5 बजे तक बिजली ठप रहेगी।

गणेशपुर, बड़ोवाला, कारबारी और सुमेरु विहार जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में ब्रेकर पैनल की मरम्मत के चलते 6 और 7 अप्रैल को विशेष शटडाउन लिया गया है। यूपीसीएल अधिकारियों का कहना है कि यह कटौती गर्मियों में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment