---Advertisement---

देहरादून के एस्ले हॉल चौक पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, बढ़ती महंगाई को लेकर फूंका सरकार का पुतला

---Advertisement---

देहरादून, 17 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। बढ़ती महंगाई, खाद्य सामग्रियों की कीमतों में उछाल और पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ रसोई गैस के दामों में की गई वृद्धि के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने रविवार को मोर्चा खोल दिया. प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राजधानी देहरादून सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में सड़कों पर उतरकर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया.

राजधानी के व्यस्ततम एस्ले हॉल चौक पर बड़ी संख्या में एकत्र हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं ने सरकार पर आम जनता की जेब काटने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महंगाई के कारण आम नागरिकों का जीना दूभर हो गया है.

आम जनता पर बढ़ा आर्थिक बोझ

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जसविंदर गोगी ने कहा कि देश और राज्य में महंगाई अब चरम सीमा पर पहुंच चुकी है. पहले से ही रसोई गैस के बढ़े दामों से परेशान जनता पर अब पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाकर अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया है. सरकार की इन नीतियों ने आम जनमानस की कमर तोड़कर रख दी है, जिसके विरोध में आज यह कदम उठाना पड़ा है.

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमरेंद्र बिष्ट ने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि पिछले दिनों घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दामों में रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी की गई है. खाद्य तेल और दूसरी रोजमर्रा की जरूरी चीजों के भाव लगातार बढ़ रहे हैं. बिष्ट ने आरोप लगाया कि जब देश की जनता इस आर्थिक संकट से त्रस्त है, तब प्रधानमंत्री अपने विदेश दौरों में व्यस्त हैं.

सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी

अमरेंद्र बिष्ट ने स्पष्ट किया कि यह प्रदर्शन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर आयोजित किया गया था. इसके तहत सभी जिला और नगर कांग्रेस कमेटियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भाजपा सरकार का पुतला फूंकने के निर्देश दिए गए थे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता की आवाज रही है और इस जनविरोधी नीति के खिलाफ लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी.

मसूरी में भी गरमाया सियासी माहौल

देहरादून के साथ ही पर्यटन नगरी मसूरी में भी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया. रविवार को मसूरी के पिक्चर पैलेस चौक पर कांग्रेसियों ने एकत्रित होकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.

प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया. स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई विकराल रूप ले चुकी है. आम जनता को तत्काल राहत देने के लिए सरकार को टैक्स कम करने चाहिए और कीमतों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कदम उठाने चाहिए.

समाचार सुर्खियां 
Dehradun: 22 मई से शुरू होगा उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट, विजेता टीम पर होगी 10 लाख की बारिश
DM सविन बंसल का एक्शन, देहरादून के सेलाकुई और सिडकुल में धारा 163 लागू
देहरादून में डेंगू को लेकर हाई अलर्ट: लापरवाही पर कटेगा भारी चालान, स्कूलों के लिए बदले नियम

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment