---Advertisement---

बजरंग दल का देहरादून के आउटलेट में प्रदर्शन, कर्मचारियों की नेमप्लेट पर लिखा ‘जिहादी’

---Advertisement---

देहरादून, 17 मई (दून हॉराइज़न)। राजधानी देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक नामी फुटवियर शोरूम में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा हंगामा किए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें संगठन के लोग शोरूम के दो मैनेजरों की छाती पर लगी नेमप्लेट पर मार्कर से ‘जिहादी’ लिखते हुए दिखाई दे रहे हैं।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ये दोनों अधिकारी आउटलेट में काम करने वाले स्थानीय हिंदू कर्मचारियों का मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न कर रहे थे।

हिंदू कर्मचारियों के उत्पीड़न का आरोप

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व बजरंग दल के उत्तराखंड राज्य संयोजक विकास वर्मा ने किया। विकास वर्मा ने अपने इस कदम को सही ठहराते हुए दावा किया कि उन्हें पिछले काफी समय से आउटलेट के मैनेजर और को-मैनेजर द्वारा हिंदू कर्मचारियों को परेशान किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी इनपुट के आधार पर संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गुरुवार को राजपुर रोड स्थित इस फुटवियर आउटलेट पर पहुंचे थे।

बजरंग दल के प्रदेश संयोजक ने आरोप लगाया कि शोरूम के दो मुस्लिम मैनेजर जानबूझकर हिंदू स्टाफ को टारगेट कर रहे थे। उनसे बिना किसी अतिरिक्त भुगतान (ओवरटाइम अलाउंस) के रोजाना चार-चार घंटे अतिरिक्त काम लिया जा रहा था। इतना ही नहीं, जब कर्मचारियों ने इसका विरोध किया, तो उनकी सैलरी काटने की नीयत से उन पर शोरूम में ही चोरी करने का झूठा आरोप मढ़ दिया गया।

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

वायरल हो रहे वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बजरंग दल का एक कार्यकर्ता शोरूम के स्टाफ से उनका नाम पूछता है। सही जवाब न मिलने पर वह खुद ही नाम ‘आलम’ पुकारता है। इसके बाद दूसरे शख्स के पास जाकर उसकी नेमप्लेट चेक की जाती है, जिस पर कोई नाम दर्ज नहीं था। इसके तुरंत बाद कार्यकर्ता जेब से मार्कर निकालकर दोनों की छाती पर लगी नेमप्लेट पर ‘जिहादी’ लिख देते हैं।

वीडियो में भगवा वस्त्र पहने एक व्यक्ति यह कहते हुए भी सुनाई दे रहा है कि ये लोग हमारे लोगों का उत्पीड़न कर रहे हैं। शोरूम में चोरी खुद करते हैं और फंसाते हिंदू कर्मचारियों को हैं।

पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक रुख

जब इस संबंध में बजरंग दल के नेता विकास वर्मा से पूछा गया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत पहले पुलिस से क्यों नहीं की? इस पर उन्होंने दावा किया कि इससे पहले भी कई संवेदनशील मुद्दों पर पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया था, लेकिन समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से इस बार संगठन को खुद आगे आकर यह कदम उठाना पड़ा।

दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम पर पुलिस प्रशासन ने शिकायत न मिलने की बात कही है। देहरादून के एसपी (सिटी) प्रमोद कुमार ने बताया कि राजपुर रोड स्थित शोरूम में हुए इस हंगामे के संबंध में पुलिस को अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि यदि पीड़ित पक्ष या शोरूम प्रबंधन की तरफ से पुलिस से संपर्क किया जाता है या कोई शिकायत दी जाती है, तो कानून के मुताबिक तत्काल उचित कार्रवाई की जाएगी।

समाचार सुर्खियां 
देहरादून के एस्ले हॉल चौक पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, बढ़ती महंगाई को लेकर फूंका सरकार का पुतला
Dehradun: 22 मई से शुरू होगा उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट, विजेता टीम पर होगी 10 लाख की बारिश
DM सविन बंसल का एक्शन, देहरादून के सेलाकुई और सिडकुल में धारा 163 लागू

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment