पिथौरागढ़, 01 जून 2026 (दून हॉराइज़न)। उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ के मुनस्यारी क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। मुनस्यारी-मिलम मोटर मार्ग पर रड़गाड़ी के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन का चालक समय रहते बाहर छिटक जाने के कारण सुरक्षित बच गया।
गोरी नदी के किनारे मलबे में तब्दील हुआ वाहन
यह हादसा रविवार शाम करीब 5 बजे उस समय हुआ जब पिकअप वाहन लास्पा गांव से मुनस्यारी की तरफ आ रहा था। रड़गाड़ी के पास पहुंचते ही वाहन नियंत्रण खो बैठा और सीधी खड़ी चट्टानों से टकराते हुए गोरी नदी के किनारे जा पहुंचा।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। वाहन में चालक समेत कुल तीन लोग सवार थे। हादसे के वक्त चालक जगत मेहता (निवासी तेजम) गाड़ी से बाहर की तरफ गिर गया, जिससे वह घायल जरूर हुआ लेकिन उसकी जान बच गई।
धारचूला और नेपाल के युवकों की मौत
खाई में गिरे वाहन में सवार दो अन्य युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 30 वर्षीय मनेंद्र राम (निवासी धारचूला) और 28 वर्षीय प्रकाश (मूल निवासी नेपाल) के रूप में हुई है। दोनों के शव चट्टानों के बीच बुरी तरह फंस गए थे। दुर्घटनास्थल के आसपास मोबाइल नेटवर्क न होने की वजह से हादसे की जानकारी प्रशासन तक पहुंचने में काफी समय लगा।
अंधेरे और खड़ी चट्टानों के बीच 8 घंटे चला रेस्क्यू
हादसे के बाद घायल ड्राइवर की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों को सबसे पहले घटना का पता चला। आईटीबीपी ने शाम करीब 5:15 बजे स्थानीय तहसील प्रशासन और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
इसके बाद उप निरीक्षक सुनील चंद के नेतृत्व में एसडीआरएफ (SDRF) और एसआई नीरज चौहान के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। खड़ी चट्टानें, बेहद खतरनाक रास्ता और रात का अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात शवों को खाई से बाहर निकाला जा सका।
पुलिस उप निरीक्षक नीरज चौहान ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को एम्बुलेंस के जरिए मुनस्यारी भेज दिया गया है, जहां सोमवार को उनका पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।









