---Advertisement---

देहरादून से दिल्ली जा रही वोल्वो बस में बहादराबाद के पास लगी भयंकर आग, 32 यात्रियों की बची जान

---Advertisement---

देहरादून, 3 जून (दून हॉराइज़न)। देहरादून से दिल्ली होते हुए जयपुर जा रही एक निजी वोल्वो बस बुधवार तड़के हरिद्वार हाईवे पर बहादराबाद के पास आग का गोला बन गई। बस में 32 यात्री सवार थे, जिन्हें ड्राइवर की सतर्कता से समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है, लेकिन बस और उसमें रखा सभी यात्रियों का सामान पूरी तरह जल गया।

इंजन से उठी लपटें, पल भर में फैली आग

महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो बस देहरादून से चलकर ऋषिकेश होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। शांतारशाह पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर पहले और क्रिस्टल वर्ल्ड के पास पहुंचते ही बस के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा।

ड्राइवर अरुण कुमार ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोका। बिना देरी किए सभी यात्रियों को नीचे उतारा गया। यात्रियों के बस से बाहर निकलते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलने लगी।

विदेशी नागरिक भी थे सवार

इस बस में दो विदेशी नागरिक भी सफर कर रहे थे, जिनमें एक महिला ब्राजील की रहने वाली है। आग लगने के कारण यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय रहते सभी के सुरक्षित बाहर आ जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

तकनीकी खराबी की आशंका

कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने का कारण इंजन में आई तकनीकी खराबी माना जा रहा है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह खाक हो चुकी थी।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की मदद से सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहनों का प्रबंध किया गया और उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य तक रवाना कर दिया गया।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment