---Advertisement---

Malviya Nagar Agnikand : बेकसूर हैं केशव नेगी? दिल्ली पुलिस कमिश्नर से मिले उत्तराखंड के सांसद

---Advertisement---

देहरादून, 9 जून (दून हॉराइज़न)। दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के सिलसिले में गिरफ्तार शेफ केशव नेगी के समर्थन में उत्तराखंड एकजुट नजर आ रहा है। पौड़ी जिले के रिखोली गांव निवासी केशव की गिरफ्तारी के बाद राज्य में राजनीतिक पारा चढ़ गया है।

भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दलों के दिग्गज नेताओं ने इस मामले में दिल्ली पुलिस की एकतरफा कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पारदर्शी जांच की मांग तेज कर दी है।

कमिश्नर को पत्र, परिवार से मुलाकात

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को संयुक्त रूप से पत्र सौंपकर केशव नेगी का पक्ष सुनने का आग्रह किया है। सांसदों का कहना है कि प्रथम दृष्टया केशव निर्दोष प्रतीत हो रहे हैं, ऐसे में पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए ताकि किसी बेकसूर के साथ अन्याय न हो।

सोमवार को सांसद अनिल बलूनी ने केशव नेगी की पत्नी और बेटी से भी मुलाकात की। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि न्याय की इस लड़ाई में वे अकेले नहीं हैं और किसी निर्दोष को सजा नहीं होने दी जाएगी।

अजय भट्ट ने की दिल्ली पुलिस और सीएम से बात

नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने भी मामले में हस्तक्षेप करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से फोन पर वार्ता की है। सांसद ने मामले की गहराई से और निष्पक्ष जांच का दबाव बनाया है।

अजय भट्ट के अनुसार, दिल्ली की मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि इस पूरे मामले की जांच तथ्यों, साक्ष्यों और विधिक प्रक्रिया के आधार पर ही आगे बढ़ेगी और किसी भी निर्दोष व्यक्ति का उत्पीड़न नहीं होगा।

कानूनी मदद देगी कांग्रेस

उत्तराखंड कांग्रेस भी केशव नेगी की गिरफ्तारी के खिलाफ मुखर है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने थलीसैंण ब्लॉक स्थित केशव के पैतृक गांव रिखोली का दौरा कर परिजनों से मुलाकात की।

गोदियाल ने परिजनों को स्पष्ट किया कि संकट की इस घड़ी में पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिया कि जरूरत पड़ने पर केशव को अदालत में हरसंभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मालवीय नगर अग्निकांड में 22 लोगों की जलकर मौत हो गई थी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शेफ केशव नेगी को हिरासत में लिया। इस गिरफ्तारी के बाद से ही उत्तराखंड के लोगों में भारी आक्रोश है। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोग पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए केशव को रिहा करने की मांग कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment