Sudden Weight Gain Treatment : क्या आपको भी सुबह उठते ही शरीर भारी-भारी लगता है, लेकिन दोपहर तक सब कुछ सामान्य लगने लगता है? अगर हां, तो इसका कारण हो सकता है वॉटर वेट।
हमारे शरीर का लगभग 50-60% हिस्सा पानी से बना होता है। जब शरीर में जरूरत से ज्यादा तरल पदार्थ जमा हो जाते हैं और बाहर नहीं निकल पाते, तो वजन बढ़ने के साथ-साथ सूजन और भारीपन महसूस होता है।
वॉटर वेट क्या है?
वॉटर रिटेंशन तब होता है जब शरीर अतिरिक्त पानी को बाहर निकालने की बजाय अपने अंदर जमा करने लगता है। इसे इडेमा (Edema) भी कहा जाता है।
खासतौर पर गर्मियों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है, क्योंकि गर्म मौसम में शरीर को पानी निकालने में मुश्किल होती है।
वॉटर वेट के लक्षण
- अचानक वजन बढ़ना या वजन में उतार-चढ़ाव
- शरीर के प्रभावित हिस्सों में दर्द या चुभन
- मासिक धर्म के दौरान स्तनों में भारीपन
- हाथ-पैर, टखनों और चेहरे पर सूजन
- लंबे समय तक खड़े या बैठे रहने पर भारीपन
- पेट और बाजुओं में असामान्य फूला हुआ अहसास
वॉटर वेट के कारण
नमक और कार्बोहाइड्रेट का ज्यादा सेवन
प्रोटीन और विटामिन-B1 की कमी
कुछ दवाओं का प्रभाव (जैसे कीमोथेरेपी, स्टेरॉयड, पेन किलर्स, ब्लड प्रेशर की दवाएं, गर्भनिरोधक गोलियां)
हार्मोनल बदलाव (पीरियड्स और प्रेग्नेंसी के दौरान)
एलर्जिक रिएक्शन, चोट या संक्रमण
गंभीर बीमारियां – हार्ट फेल्योर, किडनी डिजीज, थायरॉइड, लिवर सिरोसिस, अर्थराइटिस, ऑटोइम्यून डिसऑर्डर (लुपस), डीप वेन थ्रोम्बोसिस (DVT)
कब लें इसे गंभीरता से?
अगर शरीर में बार-बार सूजन होती है या वजन में तेजी से उतार-चढ़ाव दिखता है, तो इसे हल्के में न लें।
लगातार वॉटर रिटेंशन गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। ऐसे में डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।









