---Advertisement---

DM Ashish Chauhan के सामने पहुँचे 164 मामले, गेमिंग लत और बुजुर्गों से मारपीट पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

---Advertisement---

देहरादून, 27 जुलाई, 2026 (दून हॉराइज़न)।

DM Ashish Chauhan : आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंचे नागरिकों की कुल 164 शिकायतों को प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष दर्ज किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने एक-एक कर सभी मामलों की गंभीरता को परखा और संबंधित विभागों के अधिकारियों को दोटूक निर्देश दिए। प्रशासनिक स्तर पर यह साफ कर दिया गया है कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की कोताही या हीला-लहला बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ऋषिकेश निवासी विनीता ने जिलाधिकारी के सामने अपनी एक बेहद निजी और दर्दभरी दास्तान बयां की। उन्होंने बताया कि उनके बेटे को ऑनलाइन गेमिंग की खतरनाक लत लग चुकी है जिसके कारण पूरा परिवार आर्थिक बदहाली के कगार पर पहुंच गया है। इस गंभीर मानसिक और आर्थिक संकट से उबरने के लिए उन्होंने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।

पल्टन बाजार की रहने वाली जुनतारा देवी ने अपनी बीमारी के इलाज और बेटी की स्कूल फीस जमा कराने के लिए मदद मांगी। इसके साथ ही विधवा अर्चना ने अपनी बेटियों की उच्च शिक्षा का खर्च उठाने के लिए आर्थिक मदद की मांग रखी। इन तमाम मामलों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित विभागों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

बुजुर्ग राजपाल सिंह ने अपने ही बेटे पर गंभीर आरोप लगाते हुए समाधान दिवस में न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने शिकायत की कि बेटा संपत्ति हड़पने की नीयत से उनके साथ लगातार मारपीट करता है और उन्हें बुरी तरह प्रताड़ित करता है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को तत्काल भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज करने का सख्त आदेश दिया है।

मन्नूगंज की एक बुजुर्ग विधवा महिला की तरफ से आई शिकायत पर भी त्वरित एक्शन लिया गया है। इस मामले में सीओ सिटी को मौके पर पहुंचकर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सहारनपुर की रहने वाली विनिता भटेजा ने राजपुर रोड पर स्थित अपनी पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी जिस पर सीओ मसूरी को तुरंत मौके पर जाकर जांच और कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।

ग्राम सिंगनीवाला में पड़ोसी के बेवजह विरोध के कारण बिजली का नया कनेक्शन न मिलने से ग्रामीण परेशान थे। इसके अलावा ग्राम मानुवा में मानसूनी बारिश के चलते बिजली के पोल खतरनाक स्थिति में आ चुके थे जिनकी शिफ्टिंग बेहद जरूरी थी। इन दोनों ही मामलों में ऊर्जा निगम के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम सिद्धोवाला में बाहरी लोगों द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत मिली थी। साथ ही ग्राम बादामवाला में नदी श्रेणी की भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण के कारण गांव की डेमोग्रामी में आ रहे बदलाव का मुद्दा उठाया गया। इन दोनों ही मामलों में विकासनगर के एसडीएम को मौके पर जाकर गहनता से जांच करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

विकासनगर के डॉक्टरगंज इलाके में ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। इस समस्या पर लगाम कसने के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है। धोरन रोड पर स्थित सेंट्रल पार्क रेजिडेंसी के पास सुरक्षात्मक दीवार यानी पुस्ता न बनाए जाने के मामले को प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है।

सेंट्रल पार्क रेजिडेंसी के बिल्डर के खिलाफ सुरक्षा कार्य न करने पर कड़ी कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही सिंचाई विभाग को तत्काल प्रभाव से इस क्षेत्र में सुरक्षात्मक कार्य पूरा करने के लिए नया प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। चकराता की ग्राम पंचायत डेरियों में सीसी रोड के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

ऋषिकेश बाईपास रोड के लिए अधिग्रहित की गई भूमि के एवज में नया भूमि आवंटन समझौता किया जाना है। इस पूरी प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी यानी एसएलएओ को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

समाधान दिवस की इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह और अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा मौजूद रहे। इसके अलावा जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार समेत तहसीलदार विवेक राजौरी और तहसीलदार सुरेन्द्र देव सहित विभिन्न विभागों के तमाम जिला स्तरीय अधिकारी भी कार्रवाई के दौरान वहां उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment