दून हॉराइज़न, देहरादून (01 सितंबर): भारी बारिश के बीच देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा (Road Accident) पेश आया, जहां कंडोली-बिधोली पुल के पास उफनते बरसाती रपटे में दो गाड़ियां पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गईं।
यह भी पढ़ें : दून में आफत की बारिश! अगले 48 घंटे बेहद भारी, जाने मौसम विभाग का बड़ा अपडेट?
दोनों गाड़ियों में कुल पांच लोग सवार थे। पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो होनहार युवाओं की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।
रात के अंधेरे में तेज बहाव का अंदाजा न होना बना काल
कोतवाली प्रेमनगर को 31 अगस्त और 1 सितंबर की दरमियानी रात कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि कंडोली-बिधोली रपटे में दो गाड़ियां बह गई हैं और उनमें लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मय आपदा उपकरणों के मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व दमकल विभाग को अलर्ट किया गया।
अंधेरे और पानी के प्रचंड वेग के कारण स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी। दरअसल, पहाड़ी क्षेत्रों में मानसूनी बारिश के दौरान छोटे नाले और रपटे अचानक विकराल रूप ले लेते हैं। कार सवारों को पानी की गहराई और रफ्तार का सही अनुमान नहीं लग सका, जिसके चलते गाड़ियां सड़क से उतरकर नाले में जा समाईं।
एक वाहन से छात्र तो दूसरी से MBBS छात्रा का शव बरामद
आपदा राहत टीमों ने नदी के बीच बह रही स्कॉर्पियो-एन (HR 08 AG 8743) से रेस्क्यू शुरू किया। इसमें सवार हरियाणा निवासी संभव (22) को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि उनके साथी अक्षय (21) निवासी जयपुर, राजस्थान की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने अक्षय का शव गाड़ी के भीतर से बरामद किया।
यह भी पढ़ें : देहरादून में Swine Flu का तांडव! एक दिन में 24 नए केस मिलने से हड़कंप, जानें अस्पतालों का ताजा हाल?
वहीं दूसरी ओर, पानी में बही क्रेटा कार (RJ13 CE 5641) में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। रेस्क्यू टीम ने अंश बवेजा (22) निवासी श्रीगंगानगर और बीबीए-एलएलबी की छात्रा सहज प्रीति कौर (18) को तो बचा लिया, लेकिन पीलीबंगा (हनुमानगढ़/श्रीगंगानगर) निवासी 19 वर्षीय कनन सचदेवा पुत्री विकास सचदेवा को नहीं बचाया जा सका। कनन टाटिया यूनिवर्सिटी गंगानगर में एमबीबीएस की छात्रा थीं। उनका शव नदी से रेस्क्यू के दौरान बरामद किया गया।
एडमिशन दिलाने आए थे परिजन व दोस्त, पसरा मातम
पूछताछ में सामने आया कि स्कॉर्पियो सवार दोनों युवक प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं। वहीं क्रेटा सवार युवक-युवतियां राजस्थान से अपनी एक साथी का प्रेमनगर के निजी संस्थान में कॉलेज एडमिशन (College Admission) कराने देहरादून पहुंचे थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि सफर का अंत इतना भयानक होगा।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल (Coronation Hospital) भिजवा दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें : मौलाना की धमकी पर राहुल गांधी चुप क्यों! CM धामी ने दागे तीखे सवाल









