दून हॉराइज़न, हल्द्वानी (9 सितंबर): कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में आयोजित एक अहम संगठनात्मक बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन ने कांग्रेस पर अब तक का सबसे तीखा प्रहार किया है। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ को लेकर चल रहे सियासी घमासान के बीच उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर सीधे तौर पर निशाना साधा।
यह भी पढ़ें : आचार्य बालकृष्ण को मिली बड़ी जीत, फर्जी पासपोर्ट मामले का हुआ अंत
‘राहुल मियां’ का तंज और विदेशी संस्कृति का आरोप
राहुल गांधी को उनके विदेशी मूल से जोड़ते हुए नवीन ने विवादित लहजे में उन्हें ‘राहुल मियां’ संबोधित किया। उनका साफ तौर पर कहना था कि जिन लोगों की परवरिश पूरी तरह विदेशी परिवेश में हुई है, वे भारतीय जनमानस की भावनाओं से कभी नहीं जुड़ सकते। भाजपा नेता के मुताबिक, कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व वंदे मातरम के ऐतिहासिक मोल को समझने में पूरी तरह अक्षम है।
आजादी के संघर्ष का जिक्र करते हुए उन्होंने याद दिलाया कि इसी गीत से प्रेरणा लेकर स्वाधीनता संग्राम के दौरान अनगिनत वीरों ने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूम लिया था।
‘कांग्रेस को हमेशा के लिए समाप्त कर देना चाहिए’
सभा में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों में जोश भरते हुए नवीन यहीं नहीं रुके। उन्होंने बेहद आक्रामक लहजे में कहा, “ऐसी पार्टी को निश्चित रूप से जड़ से खत्म कर देना चाहिए।” दरअसल, आगामी राजनीतिक अभियानों के लिए उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पहुंचे भाजपा नेता का मानना है कि कांग्रेस की विचारधारा देश की मूल भावना के खिलाफ है। नवीन ने गंभीर आरोप लगाया कि पूरा राष्ट्रगीत गाने में राहुल गांधी और उनकी मां को अपमानित महसूस होता है।
2047 का विजन और राष्ट्रगीत की प्रासंगिकता
सिर्फ राजनीतिक कटाक्ष तक सीमित न रहते हुए उन्होंने ‘वंदे मातरम’ को भविष्य के भारत से भी जोड़ा। बदलते राष्ट्रीय परिदृश्य का हवाला देते हुए नितिन नवीन ने इसे महज एक आजादी का नारा मानने से इनकार कर दिया।
यह भी पढ़ें : केंद्र ने खोला अनाज का भंडार, उत्तराखंड को मिला 8 हजार मीट्रिक टन राशन
उनका दावा है कि अगर देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र की कतार में मजबूती से खड़ा करना है, तो युवा पीढ़ी के भीतर इस गीत की गूंज और इसके पीछे का समर्पण होना लाजमी है। हल्द्वानी से उठी इस सियासी चिंगारी के बाद अब प्रदेश कांग्रेस के पलटवार का इंतजार किया जा रहा है।









