दून हॉराइज़न, देहरादून (12 सितंबर): राजधानी के पटेलनगर इलाके में बीते 8 सितंबर की शाम बैंककर्मी पर हुए जानलेवा हमले की साजिश किसी पेशेवर गिरोह ने नहीं, बल्कि उसकी पूर्व प्रेमिका ने अपने टूटे रिश्ते के इंतकाम में रची थी।
प्रेम, विश्वासघात और बदले की इस खौफनाक दास्तान में दून पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद मुख्य साजिशकर्ता युवती, उसके सहयोगी और घायल शूटर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। फरार चौथे आरोपी की तलाश में दबिश जारी है।
सगाई की खबर मिलते ही रची हत्या की साजिश
पुलिस जांच के अनुसार, ज्वालापुर (हरिद्वार) निवासी 26 वर्षीय मालिया रहमान और बिजनौर निवासी सत्यम कुमार वर्ष 2020 से 2023 के बीच हरिद्वार में उज्जीवन बैंक में साथ काम करते थे। वहीं दोनों में प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। परिजनों के दबाव में युवती का निकाह सहारनपुर में हुआ, लेकिन सत्यम के लगातार संपर्क में रहने के कारण उसका तलाक हो गया।
इसके बाद सत्यम का ट्रांसफर देहरादून शाखा में हो गया। आरोप है कि शादी का झांसा देने के बाद सत्यम ने फरवरी 2026 में किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली और मालिया को सोशल मीडिया साइट्स पर ब्लॉक कर किनारा कर लिया। इसी धोखे की आग में जल रही युवती ने सत्यम को रास्ते से हटाने की ठान ली।
5 लाख की सुपारी और चाय बागान में पुलिस एनकाउंटर
युवती ने अपने परिचित मोहित के जरिए लक्सर निवासी हिस्ट्रीशीटर अंकित चौहान से संपर्क साधा। उसने बैंककर्मी (Bank Employee) सत्यम की हत्या के लिए ₹5 लाख की फिरौती तय की और ₹1.20 लाख एडवांस थमा दिए। 8 सितंबर को अंकित ने अपने साथी अंकुर के साथ बड़ोवाला में सत्यम की स्कूटी रोककर फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात के बाद जब शूटर बाकी रकम वसूलने देहरादून पहुंचा, तो 11 सितंबर की रात गोरखपुर चौक पर पुलिस ने घेराबंदी कर दी। दोनों बदमाश बाइक छोड़कर चाय बागान पगडंडी की तरफ भागे और पुलिस पर फायरिंग झोंक दी। जवाबी कार्रवाई में शूटर अंकित के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में ओझल हो गया।
आईएसबीटी के पास से दबोची गई मास्टरमाइंड
घायल शूटर से मिली जानकारी के आधार पर पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर और एसओजी प्रभारी संदीप कुमार की टीम ने देर रात आईएसबीटी के पास से मुख्य अभियुक्ता मालिया रहमान और साजिश में शामिल मोहित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की बाइक जब्त की है।
अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर रिमांड पर भेजा जा रहा है। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि फरार शूटर अंकुर पर पुलिस का शिकंजा कसना बाकी है।









