Mamata Banerjee Durga Puja controversy : कोलकाता में दुर्गा पूजा का सीजन चल रहा है, लेकिन एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी एक दुर्गा पंडाल में काबा और मदीना वाले गाने पर जोरदार तालियां बजा रही हैं।
ये वीडियो वायरल होते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) की भौंहें तन गईं। पार्टी ने इसे हिंदू परंपराओं को कमजोर करने की साजिश करार दिया है। वीडियो में टीएमसी के एक विधायक बंगाली में ‘काबा मेरे दिल में, नजर में मदीना’ गा रहे हैं, और ममता खुशी-खुशी तालियां पीट रही हैं। BJP का कहना है कि नवरात्रि के पवित्र समय में ऐसा होना शक पैदा करता है।
BJP का तीखा हमला
BJP के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने इस मुद्दे को पकड़ते हुए इंडिया गठबंधन के नेताओं पर सीधी चोट की। उन्होंने कहा, “जब पूरा देश नवरात्रि की धूम मना रहा है, तब इंडिया ब्लॉक के नेताओं के दुर्भावनापूर्ण विचार और संदिग्ध भावनाएं सामने आ रही हैं।” त्रिवेदी ने वीडियो के समय और जगह पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुर्गा पंडाल में ऐसी गायकी क्यों? उन्होंने राहुल गांधी को भी लपेटे में लिया। “मार्च में राहुल गांधी ने कहा था कि उन्हें हिंदू धर्म की ‘शक्ति’ से लड़ना होगा। लगता है इस नवरात्रि में वो ‘शक्ति’ पर हमला शुरू हो गया है।”
कर्नाटक से पश्चिम बंगाल तक
त्रिवेदी ने हाल के कर्नाटक कांग्रेस सरकार के फैसले का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वहां बुकर पुरस्कार विजेता बानू मुश्ताक (जो मुस्लिम हैं) से एक देवी मंदिर में पूजा-अर्चना करवाई गई। अब पश्चिम बंगाल में सीएम ममता दुर्गा पंडाल में ‘दिल में काबा, नजर में मदीना’ गाने पर तालियां बजा रही हैं। त्रिवेदी बोले, “इसमें कोई दिक्कत नहीं, लेकिन नवरात्रि के दौरान दुर्गा पंडाल में सीएम की मौजूदगी में ऐसा क्यों? ये संदेह बढ़ाता है।” उनका कहना है कि देश को ऐसी गहरी साजिशों के बारे में सतर्क रहना चाहिए।
वोटबैंक की राजनीति?
BJP प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि ये सब चरमपंथी वोटों को खुश करने की कोशिश है। उन्होंने याद दिलाया कि जब मोदी सरकार ने वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में गैर-मुस्लिमों को शामिल करने का प्रावधान लाया, तो इन्हीं लोगों ने तीखी आपत्ति जताई थी। त्रिवेदी ने सवाल दागा, “तो फिर यही लोग अब किसी और धर्म का महिमामंडन करने वाले गाने को दुर्गा पंडाल में क्यों गा रहे हैं? ये दोहरा चरित्र क्यों?”









