दून हॉराइज़न, देहरादून (21 सितंबर) : पहाड़ों की ढलानों पर बसे गांवों तक सरकारी तंत्र को सीधे पहुंचाने की कवायद देहरादून में धरातल पर उतर आई है। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरकुल गांव स्थित दीपक पुंडीर सामुदायिक केंद्र में सोमवार को आयोजित बहुउद्देशीय जन शिविर (Multipurpose Camp) के साथ सेवा संकल्प अभियान का विधिवत आगाज किया गया।
प्रशासनिक अमला जब एक ही पांडाल में बैठा, तो 200 से अधिक ग्रामीणों ने न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी ली, बल्कि मौके पर ही आवेदन और समाधान का लाभ उठाया।
शिविर में पहुंचे लोगों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह दिखा। यहां तैनात डॉक्टरों की टीम ने 150 से अधिक ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें जरूरी दवाइयां दीं।
मौके पर सुनीं 28 समस्याएं, बस सेवा और पुलिया पर सख्त रुख
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विभिन्न सरकारी स्टॉलों का मुआयना करने के बाद जनता दरबार लगाया। ग्रामीणों ने उनके सामने सीधे 28 से ज्यादा स्थानीय और व्यक्तिगत समस्याएं रखीं। इनमें सबसे संवेदनशील मामला सहस्रधारा आपदा प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़ा था। पिछले दिनों आई मानसूनी आपदा से टूटे पुश्ते, जमीनी कटान, ध्वस्त सुरक्षा दीवारें और सिंचाई गूलों की बदहाली पर ग्रामीणों ने रोष जताया। मंत्री ने लोनिवि और सिंचाई विभाग के इंजीनियरों को हिदायत दी कि आवासीय बस्तियों को बचाने के लिए सुरक्षा कार्यों में कोई कागजी देरी न हो।
इसके अलावा खेरी मान सिंह मार्ग पर टूटी पुलिया के पुनर्निर्माण और पुरकुल गांव तक नियमित सार्वजनिक बस संचालन की मांग भी उठी। परिवहन विभाग के अफसरों को मौके पर ही बस रूट का सर्वे कर सेवा शुरू करने को कहा गया। बाल विकास विभाग की तरफ से पांच महिलाओं को महालक्ष्मी किट, दो किशोरियों को हाइजीन किट और दो नवजातों के लिए बेबी किट बांटी गईं।
स्वयं सहायता समूह को 4 लाख
शिविर केवल शिकायतों के समाधान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने के प्रयास भी दिखे। सहसपुर विकासखंड के तहत क्यारकुली भट्टा गांव में सक्रिय ‘श्रीहरि स्वयं सहायता समूह’ की सदस्य मीना कोटाल को कृषि विभाग के सहयोग से चार लाख रुपये का चेक सौंपा गया। इसके साथ ही उद्यानिकी (Horticulture) में बेहतर पैदावार करने वाले पांच स्थानीय काश्तकारों को मंच से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समाज कल्याण, मत्स्य और राजस्व विभाग के काउंटर पर भी वृद्धावस्था पेंशन, किसान क्रेडिट और भू-अभिलेखों के निस्तारण के लिए ग्रामीणों की कतारें लगी रहीं।
18 अक्टूबर तक गांव-गांव पहुंचेगी ‘सरकार’
मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अभिनव शाह ने प्रशासनिक रूपरेखा साफ करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से शुरू हुआ यह सेवा संकल्प अभियान आगामी 18 अक्टूबर तक अनवरत चलेगा। ‘सेवा सेतु’ और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की थीम पर जिले की हर तहसील, विकासखंड और विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों में ऐसे कैंप लगाए जाएंगे।
शिविर में संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, एसडीएम विक्रम सिंह, सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा, गोरख कल्याण परिषद की अध्यक्ष ज्योति कोटिया और जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान समेत कई विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।









