देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा कर दिया है। अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी।
देहरादून (04 अक्टूबर 2026) : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को स्थानीय पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने अवैध संबंधों के राज खुलने के डर से इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
मांडूवाला के जंगलों में मिला था शव
बीती 3 अक्टूबर 2026 को प्रेमनगर थाना पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली थी कि मांडूवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास के जंगलों में एक पुरुष का शव खाई में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रेमनगर पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। फॉरेसिंक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। मृतक की पहचान मदन मुखिया (38 वर्ष), मूल निवासी बोन गांव, जिला सहरसा, बिहार के रूप में हुई, जो हाल ही में मांडूवाला के झाझरा क्षेत्र में रह रहा था।
उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए गए थे, जिससे उसकी स्थिति बेहद गंभीर थी। मकान मालिक की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
अवैध संबंधों की जानकारी बनी हत्या की वजह
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देशों पर पुलिस ने कई टीमों का गठन किया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मजदूरों के सत्यापन के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मांडूवाला बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा नामक युवक को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सच उगल दिया।
आरोपी ने कुबूला कि उसका मृतक की पत्नी मीना के पिछले दो-तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दो दिन पहले जब मदन मुखिया ने अपना मोबाइल फोन चेक किया, तो उसे पत्नी और लल्लन की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो मिल गईं। इसके बाद गुस्से में आकर मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके रिश्ते के बारे में सबको बताने की धमकी दी थी।
शराब पिलाकर जंगल में उतारा मौत के घाट
बदनामी और पकड़े जाने के डर से आरोपी लल्लन और मृतक की पत्नी मीना ने मदन को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। योजना के तहत, शनिवार शाम को पत्नी मदन मुखिया को शराब पिलाने के बहाने डाल्फिन कॉलेज के पास वाले जंगल में ले गई। वहां जब मदन पूरी तरह नशे में धुत हो गया, तो मीना और उसके प्रेमी लल्लन ने मिलकर धारदार चाकू से उसका गला रेत दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने शव को गहरी खाई में फेंक दिया और खून से सना चाकू पास की झाड़ियों में छिपा दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









