Kanya Pujan Prasad Recipe : शारदीय नवरात्रि 2025 अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर है और आज सातवां दिन है। इस दिन मां दुर्गा के कालरात्रि स्वरूप की पूजा की जाती है।
नवरात्रि व्रत करने वाले भक्त अक्सर अष्टमी या नवमी पर कन्या पूजन कर अपना व्रत पूरा करते हैं। इस अवसर पर घर में आई कन्याओं को पूड़ी, काले चने और सूजी का हलवा खिलाना शुभ माना जाता है।
कहा जाता है कि यह प्रसाद मां को बेहद प्रिय है और इसे बनाने से घर में सुख-समृद्धि आती है।
अगर आप भी इस बार अष्टमी या नवमी पर कन्या पूजन करने की योजना बना रही हैं, तो हम आपके लिए लाए हैं भंडारे वाले स्टाइल में सूजी का हलवा और काले चने बनाने की आसान रेसिपी।
सूजी का हलवा बनाने की विधि
ज़रूरी सामग्री
- सूजी – 1 कप
- घी – ½ कप
- चीनी – 1 कप
- पानी – 2 कप
- इलायची – 2
- काजू, बादाम, किशमिश – स्वादानुसार
- चिरौंजी – 1 छोटा चम्मच
- कद्दूकस किया नारियल – सजावट के लिए
कैसे बनाएं
सबसे पहले एक गहरी कढ़ाही गरम करें और उसमें घी डाल दें। दूसरी ओर पानी में चीनी और इलायची डालकर चाशनी तैयार करें।
अब घी में सूजी डालकर लगातार चलाते हुए सुनहरा होने तक भूनें। इसमें काजू, बादाम और चिरौंजी डालकर हल्का सा भून लें।
जब सूजी अच्छी तरह भुन जाए, तो भीगी हुई किशमिश डालें। अब आंच धीमी करके इसमें धीरे-धीरे चाशनी डालें और लगातार चलाते रहें।
जब हलवा गाढ़ा हो जाए, तो ऊपर से नारियल कद्दूकस डालकर सजा लें।
काले चने बनाने की विधि
ज़रूरी सामग्री
- काले चने – 1 कप (रातभर भिगोए हुए)
- तेल – 2 बड़े चम्मच
- जीरा – 1 छोटा चम्मच
- अदरक – 1 छोटा टुकड़ा (कटा हुआ)
- हरी मिर्च – 2
- हल्दी – ¼ छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – ¼ छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर – ¼ छोटा चम्मच
- गरम मसाला – ¼ छोटा चम्मच
- हरा धनिया – सजावट के लिए
कैसे बनाएं
भीगे हुए चनों को नमक और पानी के साथ कुकर में डालकर 1 सीटी आने तक पकाएं। अब एक कढ़ाही में तेल गरम करें और उसमें जीरा डालकर तड़काएं।
अदरक और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें। अब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर डालें और कुछ सेकंड भूनें।
इसके बाद पके हुए चने डालें और साथ में अमचूर, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला डालकर मिलाएं।
चनों को मध्यम आंच पर 5 मिनट पकाएं ताकि मसाले अच्छे से घुल जाएं। तैयार चनों को हरे धनिये से गार्निश करें।
अब आपका कन्या पूजन का प्रसाद हलवाई स्टाइल में तैयार है। इसे पूड़ी के साथ परोसें और मां दुर्गा की कृपा पाएं।







