भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राहुल गांधी पर NSA अजीत डोभाल के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के चुनावी जीत के दावे सिर्फ ख्याली पुलाव हैं।
देहरादून (14 अक्टूबर) : उत्तराखंड की राजनीति में चुनावी जीत-हार के दावों के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल के कथित अपमान को लेकर नया सियासी तूफान खड़ा हो गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देवभूमि के गौरव अजीत डोभाल का अपमान करने वालों को राज्य की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
भट्ट ने साफ लहजे में कहा कि उत्तराखंड के स्वाभिमान को राहुल गांधी के कदमों में गिरवी रखने वाली कांग्रेस को जनता पहले ही ‘हाफ’ कर चुकी है और इस बार चुनावी रण में पूरी तरह ‘साफ’ कर देगी।
डोभाल के अपमान पर भड़की भाजपा, राहुल पर हमला
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार उत्तराखंड के गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। पौड़ी गढ़वाल की माटी से निकले देश के शीर्ष सुरक्षा रणनीतिकार के खिलाफ की जा रही टिप्पणियों से राज्य के जनमानस में भारी रोष है।
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के नेता राज्य के मान-सम्मान की अनदेखी कर सिर्फ एक परिवार की परिक्रमा में जुटे हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014 के बाद से उत्तराखंड की जनता लोकसभा और विधानसभा के पांच बड़े चुनावों में लगातार कांग्रेस को खारिज कर चुकी है, लेकिन पार्टी अपनी गलतियों से सबक सीखने को तैयार नहीं है।
पांच साल गायब रहकर जीत के मुंगेरीलाल सपने
कांग्रेस के चुनावी जीत के दावों को ‘ख्याली पुलाव’ करार देते हुए महेंद्र भट्ट ने तंज कसा कि पिछले पांच सालों तक जनसरोकारों से पूरी तरह नदारद रहने वाले कांग्रेसी नेता अब चुनावी मौसम आते ही नींद से जागे हैं। उन्होंने कहा कि नींद की खुमारी में कांग्रेसी मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं, जबकि धरातल पर पार्टी का जनाधार पूरी तरह खत्म हो चुका है। गलतफहमी का चश्मा पहन लेने के कारण विपक्ष को पहाड़ों से लेकर मैदानों और दिल्ली तक फैला आधुनिक सड़कों का जाल, रिकॉर्ड औद्योगिक निवेश और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया नजर नहीं आ रही है।
यूसीसी और कड़े कानूनों से डेमोग्राफी पर बड़ा प्रहार
प्रदेश सरकार के प्रशासनिक कदमों का ब्योरा देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी सरकार ने राज्य की डेमोग्राफी सुरक्षित रखने के लिए कड़े फैसले लिए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC), सख्त धर्मांतरण कानून, दंगारोधी कानून और अवैध धार्मिक अतिक्रमणों पर ऐतिहासिक कार्रवाई की गई है, जो आज दूसरे राज्यों के लिए मॉडल बन चुकी है।
वहीं, वर्षों से पैर पसारे नकल माफिया तंत्र को सख्त नकलरोधी कानून बनाकर ध्वस्त किया गया है। भट्ट के अनुसार, केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व पर जनता का अटूट भरोसा कायम है।









