---Advertisement---

बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने थामा बीजेपी का दामन

उत्तराखंड में बड़ा राजनीतिक उलटफेर, बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नाथीराम समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने थामा बीजेपी का दामन, हरिद्वार में मिथक टूटने के कयास।

देहरादून (22 अक्टूबर) : उत्तराखंड की राजनीति में बुधवार को एक बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला, जब बहुजन समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नाथीराम के नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारियों ने भाजपा का दामन थाम लिया। देहरादून स्थित बलबीर रोड पार्टी मुख्यालय में आयोजित भव्य ज्वाइनिंग कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।

इस राजनीतिक घटनाक्रम को आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है, जहां सत्ताधारी दल अपनी चुनावी पकड़ को और मजबूत करने में जुट गया है।

हरिद्वार का सियासी मिथक तोड़ने की बड़ी रणनीति

पार्टी मुख्यालय में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आज का यह सैलाब इस बात का गवाह है कि जो कसक हरिद्वार में पिछली बार मिथक तोड़ने से रह गई थी, वह इस बार पूरी तरह दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जारी विकास यात्रा पर भरोसा जताते हुए लोग पीढ़ियों पुराना दलीय साथ छोड़कर भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं। डॉ. नाथीराम जैसे अनुभवी और परिपक्व नेता का पार्टी में शामिल होना यह बताता है कि राज्य का हर वर्ग अब विकास की मुख्यधारा के साथ आगे बढ़ना चाहता है।

वैचारिक प्रतिबद्धता छोड़ विकास के साथ जुड़ाव

इस मौके पर बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए डॉ. नाथीराम ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक बहुजन समाज पार्टी में पूरी निष्ठा के साथ काम किया, लेकिन राज्य में जिस तरह से मुख्यमंत्री धामी और पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास कार्य हो रहे हैं, उससे आंख फेरना मुमकिन नहीं था। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को अब यह अहसास होने लगा है कि डबल इंजन सरकार की नीतियों का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने भी नए सदस्यों को पार्टी की सांगठनिक रूपरेखा और नीतियों की विस्तार से जानकारी दी।

अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग साधने का दांव

इस राजनीतिक फेरबदल के दौरान बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग के नेताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और कहा कि विपक्षी दल हमेशा समाज के एक वर्ग को डराकर राजनीति करते आए हैं, लेकिन अब जनता उनकी असलियत समझ चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार देवभूमि के अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में भी कमल न खिलने का पुराना मिथक पूरी तरह से टूट जाएगा और पार्टी राज्य में ऐतिहासिक हैट्रिक बनाएगी।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment