---Advertisement---

उत्तराखंड में महिला सुरक्षा पर उठे सवाल, महिला जज से कैब चालक ने की अभद्रता और दी धमकी

देहरादून में महिला न्यायिक अधिकारी से ऑनलाइन कैब चालक द्वारा अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

देहरादून (22 अक्टूबर) : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में महिलाओं की सुरक्षा और ऑनलाइन कैब सेवाओं की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में एक महिला न्यायिक अधिकारी के साथ ऑनलाइन बाइक-कैब चालक द्वारा न सिर्फ अभद्रता की गई, बल्कि उन्हें सुनसान रास्ते पर ले जाकर धमकी भी दी गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश तेज कर दी है।

कैब चालक ने महिला जज को धमकाया

महिला अधिकारी द्वारा डालनवाला कोतवाली में दी गई तहरीर के मुताबिक, यह घटना 18 अक्टूबर की शाम की है जब उन्होंने मालदेवता जाने के लिए ऑनलाइन माध्यम से बाइक कैब बुक की थी। यात्रा शुरू होने के बाद चालक ने निर्धारित नौ किलोमीटर की दूरी के लिए तय किराए से दोगुना पैसा मांगना शुरू कर दिया। जब महिला अधिकारी ने अतिरिक्त किराया देने से साफ इनकार किया, तो आरोपी उन्हें तय रास्ते से ले जाने के बजाय किसी सुनसान और अंधेरे इलाके की ओर मोड़ने लगा।

घबराई हुई अधिकारी ने तुरंत अपने रीडर को फोन कर पूरी स्थिति की जानकारी दी। आरोप है कि चालक ने पुलिस में अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए उन्हें डराने की कोशिश की और राइड रद्द करने का दबाव बनाया।

जजेज कॉलोनी के बाहर काटा हंगामा

विवाद बढ़ने पर चालक महिला अधिकारी को जजेज कॉलोनी के गेट के बाहर लेकर आ गया, जहां उसने स्थानीय लोगों के सामने भी जमकर हंगामा किया और वहां मौजूद अन्य लोगों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मामले की छानबीन शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद 21 अक्टूबर को इस मामले में औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज की गई, जिससे प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।

बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज

डालनवाला कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाई ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 127(2), 308(3), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल ऑनलाइन कैब कंपनी से संपर्क साधकर आरोपी चालक का विवरण जुटा रही है ताकि जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके। इस घटना ने शहर में रात के समय सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment