---Advertisement---

देहरादून पुलिस पर बजरंग दल का गंभीर आरोप, ‘युवक के गुप्तांग में डाला डंडा, सड़क पर घुमाया’

देहरादून में बजरंग दल नेता विकास वर्मा ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस कस्टडी में बर्बरता, स्पा सेंटरों में देह व्यापार और झूठे मुकदमों का मुद्दा उठाया है।

देहरादून, 13 नवंबर : देहरादून में बजरंग दल ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली, भ्रष्टाचार और हिरासत में बर्बरता को लेकर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। बजरंग दल के नेता विकास वर्मा ने एक प्रेस वार्ता में दावा किया है कि पुलिस पैसा लेकर अपराधों को दबा रही है और हिंदू कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाकर अमानवीय यातनाएं दे रही है। उन्होंने शहर के स्पा सेंटरों में पुलिस के संरक्षण में देह व्यापार चलने का भी सनसनीखेज दावा किया है।

कस्टडी में बर्बरता और साजिश का आरोप

बजरंग दल के कार्यकर्ता सिद्धार्थ बडोनी की गिरफ्तारी और उसके बाद पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विकास वर्मा ने कहा कि कस्टडी में अमानवीय व्यवहार किया गया। उन्होंने बताया कि कोर्ट में पेशी के दौरान जब वह सिद्धार्थ से मिले, तो युवक ने पुलिस की बर्बरता की दास्तां सुनाई। विकास वर्मा के मुताबिक, दूसरे युवक ने बताया कि पुलिस ने पूछताछ के दौरान उसके गुदा द्वार में डंडा (रूलर) डाल दिया। इसके अलावा, प्रिंस चौक पर पुलिस की गाड़ी खराब होने के बाद जानबूझकर उन्हें पैदल मार्च कराया गया।

आरोप है कि सड़क किनारे खड़े होकर असामाजिक तत्वों ने, जिन्हें वर्मा ने ‘जिहादी मूल के लोग’ करार दिया, उन्हें लुटेरा कहकर उनका अपमान किया। वर्मा ने इसे एक सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि पुलिस खुद तीन अलग-अलग एंगल से इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रही थी, ताकि सरकार और संगठन को बदनाम किया जा सके।

पटेल नगर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल

पुलिस के रवैये की पोल खोलने के लिए विकास वर्मा ने पटेल नगर क्षेत्र का एक उदाहरण सामने रखा। उन्होंने बताया कि चार महीने पहले इलाके में करंट लगने से एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई थी। पीड़ित माँ चार महीने से थाने के चक्कर काट रही है और मानवाधिकार आयोग तक जा चुकी है, लेकिन पुलिस ने अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की है।

दरअसल, विकास वर्मा का कहना था कि जब लोग पूछते हैं कि बजरंग दल कानून अपने हाथ में क्यों लेता है, तो उसका कारण यही पुलिसिया तंत्र है जो पीड़ितों को न्याय नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के हर थाने को पता है कि कहाँ नशा बिक रहा है और कहाँ देह व्यापार हो रहा है, लेकिन सब कुछ पैसों के लेन-देन में दबा दिया जाता है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment