---Advertisement---

धामी सरकार को घेरने की तैयारी, हजारों कार्यकर्ताओं के साथ राजभवन कूच करेगी कांग्रेस

उत्तराखंड कांग्रेस का भ्रष्टाचार विरोधी हस्ताक्षर अभियान अंतिम चरण में है। 23 नवंबर तक दस्तावेज जमा होंगे और 26 नवंबर को हजारों कार्यकर्ता राजभवन कूच करेंगे।

देहरादून, 17 नवंबर : उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का भ्रष्टाचार विरोधी हस्ताक्षर अभियान अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। पार्टी ने 26 नवंबर को हजारों कार्यकर्ताओं के साथ राजभवन कूच करने की तैयारी तेज कर दी है। इससे पहले सभी जिला, महानगर और ब्लॉक इकाइयों को 23 नवंबर तक हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज प्रदेश मुख्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दशौनी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर यह अभियान राज्यभर में चलाया जा रहा है। जिला, महानगर, ब्लॉक, मंडल, वार्ड और बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ता लोगों से संपर्क कर हस्ताक्षर जुटा रहे हैं।

उन्होंने सभी जिला, महानगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ मंडल, वार्ड और बूथ अध्यक्षों से अभियान को निर्धारित समय में पूरा करने की अपील की है। उनके मुताबिक, एकत्र किए गए सभी हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज 23 नवंबर 2026 तक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में अनिवार्य रूप से जमा कराने होंगे।

गरिमा माहरा दशौनी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता में भारी आक्रोश है। कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से जनता की आवाज को संगठित रूप से उठाना चाहती है। उन्होंने हस्ताक्षर अभियान को भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता की एकजुटता का प्रतीक बताया।

26 नवंबर को सुबह 10 बजे कांग्रेस निकालेगी राजभवन तक पदयात्रा

हस्ताक्षर अभियान के समापन पर कांग्रेस ने 26 नवंबर को बड़े राजनीतिक कार्यक्रम की तैयारी की है। पार्टी के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए राजभवन पहुंचेंगे।

इस कार्यक्रम का नेतृत्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी सांसद कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता करेंगे।

गरिमा माहरा दशौनी ने बताया कि 26 नवंबर को सुबह 10 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। इसके बाद कांग्रेस भवन से राज्यपाल निवास तक रैली के रूप में कूच किया जाएगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों के खिलाफ चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के दस्तावेज राज्यपाल को सौंपे जाएंगे। कांग्रेस इन दस्तावेजों के माध्यम से प्रदेश सरकार पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों के मामलों में कार्रवाई की मांग राज्यपाल के सामने रखेगी।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment