---Advertisement---

कार्तिक पूर्णिमा पर धामी ने खोला विकास का पिटारा, झनकईया मेले में दो घाटों का किया ऐलान

खटीमा में कार्तिक पूर्णिमा पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया। शारदा कॉरिडोर के तहत झनकईया और काला पुल के पास स्नान घाट बनेंगे।

खटीमा, 24 नवंबर : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर ऊधम सिंह नगर के खटीमा में ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने शारदा नदी के तट पर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए दो स्थानों पर नए स्नान घाट बनाने की घोषणा भी की।

यह निर्माण शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया और काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मेले को भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों, धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन दोनों देशों के बीच आपसी सद्भाव और सामाजिक रिश्तों को मजबूत करते हैं।

शारदा कॉरिडोर के तहत दो जगह बनेंगे स्नान घाट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेले के शुभारंभ के अवसर पर कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का संगम है। लंबे समय से आयोजित हो रहा यह मेला सांस्कृतिक विरासत को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी भी पूरे उत्साह के साथ इन परंपराओं को आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा के साथ श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों से रोटी-बेटी का संबंध रहा है। दोनों देशों की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं।

दरअसल, भारत-नेपाल सीमा के नजदीक आयोजित होने वाले इस मेले में सीमांत क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित अलग-अलग समुदायों की भागीदारी, पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और रीति-रिवाज इस आयोजन को अलग पहचान देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे मेलों से स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों का प्रदर्शन करने और उनका विपणन करने का अवसर मिलता है। इससे स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलता है।

मेले के विस्तार और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका खटीमा और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्नान घाटों के निर्माण के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने को कहा।

उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का विकास किया जाएगा। प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाओं का भी विस्तार होगा।

सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर गिनाईं योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से होती है। राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ पारंपरिक मेलों, महोत्सवों और सांस्कृतिक आयोजनों को भी प्रोत्साहित कर रही है।

उन्होंने हाल ही में खटीमा में आयोजित आदि गौरव महोत्सव और देहरादून में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस का भी जिक्र किया।

सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रत्येक परिवार तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment