---Advertisement---

अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक करने पर भड़के माता-पिता, गांधी पार्क में शुरू किया अनशन

अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक करने के मामले में माता-पिता ने गांधी पार्क में धरना शुरू किया। विनोद आर्य और सहयोगियों के खिलाफ FIR की मांग की।

देहरादून, 25 नवंबर : अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर विवाद गहरा गया है। दिवंगत अंकिता की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर उनके माता-पिता बुधवार को गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। परिवार ने पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उनके सहयोगियों पर कार्रवाई की मांग की है। माता-पिता का कहना है कि जब तक पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं करती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी और मां सोनी देवी का आरोप है कि उनकी बेटी की निजी बातचीत को सार्वजनिक करके उसके सम्मान को ठेस पहुंचाई जा रही है। परिवार का कहना है कि इस संबंध में पुलिस के कई चक्कर लगाने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने गांधी पार्क में धरना शुरू किया।

अंकिता के पिता ने विनोद आर्य और उनके सहयोगियों पर बेटी को लेकर अनर्गल बयानबाजी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि परिवार का मकसद केवल अपनी बेटी को न्याय दिलाना है। जब तक उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होती, वे धरना और अनशन समाप्त नहीं करेंगे।

अंकिता के मोबाइल फोन को लेकर भी उठाए सवाल

धरने के दौरान अंकिता की मां ने अपनी बेटी के मोबाइल फोन को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आशंका जताई कि अंकिता का मोबाइल फोन विनोद आर्य के पास हो सकता है। उनका कहना है कि एक तरफ मोबाइल फोन को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ निजी चैट सार्वजनिक की जा रही हैं।

परिवार ने मांग की कि अंकिता का मोबाइल फोन आखिर कहां है, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मोबाइल फोन से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल कर यह पता लगाया जाए कि निजी बातचीत किस तरह सार्वजनिक हुई। मां का कहना है कि मोबाइल फोन की वास्तविक स्थिति सामने आने से इस विवाद से जुड़े कई सवालों के जवाब मिल सकते हैं।

अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने विशेष रूप से 17 और 18 सितंबर 2022 की चैट का जिक्र किया। उनका आरोप है कि विनोद आर्य और उनके सहयोगी इन चैट को सामने नहीं ला रहे हैं, जबकि उनमें उनकी बेटी ने स्पष्ट रूप से अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा कि चुनिंदा बातचीत सार्वजनिक करने के बजाय पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

16 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद शुरू हुआ विवाद

दरअसल, इस विवाद की शुरुआत नवंबर में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद हुई। विनोद आर्य ने 16 नवंबर को हरिद्वार में एक पत्रकार वार्ता की थी। इस दौरान उन्होंने अंकिता और उसके एक कथित पुरुष मित्र के बीच हुई व्हाट्सएप बातचीत के 4,000 से अधिक पन्ने सार्वजनिक किए थे।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment