Maruti Dzire : भारतीय ग्राहकों के बीच मारुति सुजुकी डिजायर का बोलबाला हमेशा से रहा है। अगर बीते महीने यानी अगस्त 2025 में हुई बिक्री की बात करें, तो मारुति सुजुकी डिजायर इस दौरान देश की दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही। सेडान सेगमेंट में तो मारुति सुजुकी डिजायर ने टॉप पोजीशन हासिल कर ली।
बताते हैं कि मारुति सुजुकी डिजायर ने 55.35 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी के साथ कुल 16,509 यूनिट कारों की बिक्री की। ये आंकड़े देखकर लगता है कि मारुति सुजुकी डिजायर की डिमांड में कोई कमी नहीं आ रही।
मारुति डिजायर की ताकत
इस दौरान मारुति सुजुकी डिजायर ने सेडान सेगमेंट की बिक्री के 58 प्रतिशत मार्केट शेयर पर कब्जा जमा लिया। भारतीय बाजार में मारुति सुजुकी डिजायर की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6.26 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप मॉडल में 9.31 लाख रुपये तक जाती है।
जहां पेट्रोल वैरिएंट में ये करीब 25 किमी प्रति लीटर का माइलेज देती है, वहीं सीएनजी ऑप्शन पर 33 किमी से ज्यादा का शानदार माइलेज मिलता है। ये फीचर्स मारुति सुजुकी डिजायर को फैमिली कार के तौर पर सबसे पसंदीदा बनाते हैं। आइए अब जानते हैं कि अगस्त 2025 में टॉप 10 सेडान कारों की बिक्री कैसी रही।
टॉप सेडान कारों की बिक्री
बिक्री की इस लिस्ट में मारुति सुजुकी डिजायर ने 16,509 यूनिट्स के साथ पहला स्थान हासिल किया। दूसरे नंबर पर हुंडई ऑरा रही, जिसने 23.98 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी के साथ कुल 5,336 यूनिट कारें बेचीं। तीसरे स्पॉट पर होंडा अमेज आई, लेकिन इसकी बिक्री में 32.19 प्रतिशत की सालाना गिरावट आई और सिर्फ 1,753 यूनिट्स बिकीं। चौथे स्थान पर फॉक्सवैगन वर्टस रही, जो 10.77 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,674 यूनिट्स बेच पाई।
पांचवें नंबर पर स्कोडा स्लाविया ने जगह बनाई, लेकिन 10.16 प्रतिशत की सालाना गिरावट के साथ सिर्फ 1,008 यूनिट्स की बिक्री हुई। छठे स्थान पर टाटा टिगोर रही, जिसकी बिक्री 29.8 प्रतिशत घटकर 805 यूनिट्स रह गई। सातवें नंबर पर हुंडई वरना ने 35.43 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 771 यूनिट्स बेचीं। आठवें स्पॉट पर होंडा सिटी रही, जो 57.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ महज 437 यूनिट्स बिक पाई। नौवें स्थान पर टोयोटा कैमरी ने थोड़ी राहत ली, 2.60 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 158 यूनिट्स बिकीं।
बिना खरीदार के रह गईं ये कारें
इस लिस्ट में दसवें नंबर पर मारुति सुजुकी सियाज और स्कोडा सुपर्ब दोनों ही बिना एक भी बिक्री के रह गईं। अगस्त 2025 में इन दोनों को कोई खरीदार नहीं मिला। कुल मिलाकर, मारुति सुजुकी डिजायर ने सेडान मार्केट में अपनी बादशाही कायम रखी, जबकि बाकी कारें या तो गिरावट झेल रही हैं या ठहराव का शिकार हो रही हैं।









