बड़ोवाला में हुआ देवेश्वरी वेलफेयर सोसाइटी का उद्घाटन
देहरादून। बड़ोवाला में देवेश्वरी वेलफेयर सोसाइटी (ड्यूज) का उद्घाटन एचएनवी गढ़वाल विवि के पूर्व कुलपति प्रो एसपी सिंह ने किया। सोसाइटी का गठन प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का अध्ययन और निदान के लिए किया गया है।
मुख्य अतिथि प्रो एसपी सिंह ने संस्था के उद्देश्य की सराहना करते हुए कहा कि पहाड़ों में महिला स्वास्थ्य के समाधान के उचित विकल्प नहीं हैं। महिला रोग विशेषज्ञों की कमी से प्रसव जैसे मामलों में भी मुश्किलें पेश आती हैं।
कार्यक्रम अध्यक्ष व गढ़वाल विवि के पौड़ी परिसर के पूर्व प्राचार्य प्रो एससी खर्कवाल, विशिष्ट अतिथि पद्म कल्याण सिंह रावत ने सोसाइटी की हर गतिविधि में सहयोग का आश्वासन दिया।
सोसाइटी अध्यक्ष प्रो. केसी पुरोहित, सचिव आवृत्ति पुरोहित ने संस्था का विजन और मिशन बताया। संचालन डॉ. प्रांजलि पुरोहित ने किया। इस अवसर पर प्रो. सुनील कुमार सक्सेना, मीरा रावत, बीना बेंजवाल, सीता भट्ट, मगन प्रसाद, आशुतोष नेगी, रजनीश ध्यानी, डॉ.दीक्षा ममगांई, प्रदीप भट्ट, वरुण पोखरियाल उपस्थित थे।
राष्ट्रीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में एसजीआरआर के प्रियांशु कंडवाल और निकुंज शर्मा को नकद पुरस्कार
देहरादून। एसजीआरआर पब्लिक स्कूल के एक छात्र और एक छात्रा को राष्ट्रीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में नकद पुरस्कार मिला है। इस प्रतियोगिता का आयोजन पेट्रोलियम कंसरवेशन रिसर्च एसोसिएशन की ओर से किया गया था।
इसमें एसजीआरआर पब्लिक स्कूल तालाब शाखा के ग्यारहवीं के छात्र प्रियांशु कंडवाल और दसवीं की छात्रा निकुंज शर्मा को नकद पुरस्कार मिला है। स्कूल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने दोनों बच्चों को बधाई दी। प्रधानाचार्य कविता सिंह ने बताया कि ऑनलाइन निबंध लेखन प्रतियोगता में देश भर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
भाजपा में शामिल हुए अतोल और लक्ष्मण रावत
देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री और नगर पालिका बड़कोट के पूर्व अध्यक्ष अतोल रावत और चमोली जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत ने शनिवार को अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की योजनाओं से प्रभावित होकर वह भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी भी मौजूद रहे।
विदेशी पर्यटक से छेड़छाड़ पर महिला आयोग सख्त
देहरादून। विदेशी पर्यटक महिला से युवक द्वारा छेड़छाड़ पर महिला आयोग ने पुलिस को सख्ती से कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के भूतनाथ मंदिर के पास एक युवक द्वारा पर्यटक विदेशी महिला के साथ छेड़छाड़ के मामले के बाद महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने इसका संज्ञान लिया है।
उन्होंने पुलिस थाना लक्ष्मणझूला के एसओ से फोन पर मामले की जानकारी ली और ऐसे मामले में कड़ाई से कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाज मे इस प्रकार का बर्ताव अत्यंत शर्मनाक है।
ऐसे मामलों में तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी की कड़ी सजा होनी चाहिए। मामले में उन्होंने जांच के आदेश भी दिए हैं। जिस पर एसओ लक्ष्मणझूला ने बताया कि उक्त अपराध के संबंध में आरोपी के विरुद्ध लज्जा भंग करने और हत्या से प्रयास से सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसओ ने बताया की लड़का सहारनपुर निवासी है, कुछ दिन पहले ही यहां घूमने आया था। अब वो पुलिस की हिरासत में है। विदेशी पर्यटक महिला का एम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बहुउद्देश्यीय शिविर से मिलेगा जरूरतमंदों को लाभ : कैंट विधायक
देहरादून। कैंट विधायक सविता कपूर ने सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर आगामी 28 मार्च को होने वाले बहुउद्देश्यीय शिविर के आयोजन के लिए पार्षदों एवमं पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
कैंट विधायक ने बताया कि पिछले एक साल में उनकी विधानसभा में पेयजल समस्या के समाधान के लिए 4 ट्यूबवेल स्वीकृत हो चुके हैं। विधानसभा में 90 प्रतिशत से ज्यादा सड़कें बन चुकी हैं। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के माध्यम से 2 करोड़ के कार्य गतिमान और प्रेमनगर क्षेत्र में मिनी स्टेडियम का कार्य भी चल रहा है।
बहुउद्देश्यीय शिविर में एक ही पटल पर विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को मिलेगा। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुमित पांडे, अंजू बिष्ट, पार्षद अमिता सिंह, मीरा कठैत, कमल राज, सोनू बाबूराम, संजय सिंघल, सुंदरेश्वर ठाकुर, मनोज शर्मा, मीनाक्षी मौर्य आदि लोग मौजूद रहे।
14 अप्रैल को ‘संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ दिवस के रूप में मनाया जाएगा
देहरादून। संविधान, लोकतंत्र और विपक्ष को कुचलने का आरोप लगाते हुए विभिन्न राजनीतिक दलों का विचार मंथन शहर के एक होटल में आयोजित हुआ। विचार मंथन में एकजुटता से कार्य करते हुए संविधान, संवैधानिक लोकतंत्र, बहुदलीय प्रणाली को बचाने का संकल्प लिया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने संयुक्त रूप बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र की लोकतंत्र, संविधान और विपक्ष की आवाज को कुचलने के खिलाफ विभिन्न राजनीतिक दल एकजुट हैं। रावत ने कहा कि जो राजनीतिक दल, सामाजिक या सांस्कृतिक संगठन एकाधिकार वाली प्रवृति के खिलाफ हैं, उनका उत्पीड़न किया जा रहा है।
यह घटनाक्रम लंबे समय से चल रहा है और राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त करने का सड्यंत्र इसकी पराकाष्ठा है। वैचारिक विभिन्न के बावजूद लोकतंत्र बचाने के लिए राजनीतिक दल और सामाजिक संगठन एकजुट हैं। एकाधिकार पूंजीवाद की सोच और प्रवृति के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।
संचालन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र कुमार ने किया। तय किया गया कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को ‘संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
सीपीएम से सुरेंद्र सजवाण, सीपीआई से समर भंडारी, रवींद्र जगी, उत्तराखंड क्रांति दल से काशी सिंह ऐरी, समाजवादी पार्टी से डॉ. एसएन सचान, संजय मल्ल, ट्रेड यूनियन नेता से जगदीश कुकरेती, राष्ट्रवादी पार्टी से नवनीत गुसाईं, जेडीएस से हरजिंदर सिंह, तृणमूल कांग्रेस से राकेश पंत, सर्वोदय आंदोलन से हरवीर कुशवा, पूर्व आईएएस एसएस पांगती, निर्मला बिष्ट, विजय शुक्ला, वीरेंद्र त्यागी, आदि ने हिस्सा लिया।
३ मई को भ्रमण पर निकलेगी 24वीं जगदीशिला डोली यात्रा
देहरादून। विश्वनाथ जगदीशिला डोली यात्रा समिति की 24वीं जगदीशिला डोली यात्रा 3 मई से प्रदेश भ्रमण पर निकलेगी। लैंसडौन चौक के करीब स्थित प्रेसवार्ता में डोली यात्रा के मुख्य संयोजक पूर्व शिक्षा व पेयजल मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने बताया कि डोली यात्रा 3 मई को हरिद्वार से विभिन्न इलाकों में होते हुए दस हजार पांच सौ किलोमीटर की यात्रा पूरी कर टिहरी के बड़ियारगढ़ अपने मूल स्थान 11 गांव विश्वनाथ मंदिर विशोन पर्वत को जाएगी।
यात्रा का समापन 30 मई को होगा। डोली यात्रा के संदर्भ में आयोजक समिति की ओर से सीएम पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश के 254 देवालयों को तीर्थाटन सर्किट के चयन और पर्यटन गाइड पुस्तक में शामिल करने की मांग को लेकर ज्ञापन भी दिया है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित
देहरादून। उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र (यूसर्क) और सोसायटी फॉर रिसर्च एंड डेवलपमेंट इन सांइस टेक्नोलॉजी के संयुक्त तत्वाधान में शनिवार को संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिसमें महिलाओं को द्वितीय विज्ञान प्रयोग धर्मी महिला सम्मान और पांचवा हिमालयी नारी शक्ति सम्मान देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी की पत्नी गीता धामी ने बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की।
गीता धामी ने कहा कि आज देश की महिलाएं आगे बढ़ते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहीं हैं। उन्होंने कहा कि सभी महिलाएं हम सभी के लिए प्रेरणा की स्रोत हैं। उन्होंने यूसर्क के कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं अपने स्वरोजगार के साथ- साथ अन्य लोगों को भी रोजगार प्रदान कर रहीं हैं। बतौर विशिष्ट अतिथि मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि हमारे देश के हर क्षेत्र में महिलाओं का विशेष योगदान है,यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
इस दौरान निदेशक आईटीडीए एवं अपर सचिव ग्राम्य विकास नितिका खंडेलवाल, सीआईआई की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गर्ग, महिला उद्यमी डॉ बीनू भदौरिया, उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट सोसाइटी की उपनिदेशक चंद्रकांता, सेंटर फॉर आइडिया इन्नोवेशन एंड एनवायरनमेंट ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय की निदेशक डॉ रीमा पंत ने अपने विचार रखे।
सत्र का संचालन डॉ प्राची कंडवाल ने किया। कार्यक्रम में एम्स ऋषिकेश की प्रो मनीषा नैथानी, डीआईटी यूनिवर्सिटी की एसोसिएट प्रो डॉ बृजलता चौहान, डॉ मंजू सुंदरियाल,डॉ भवतोष शर्मा ने अपने विचार रखे।
इन्हें किया गया सम्मानित
अलकनंदा कृषि व्यवसाय, हार्क संस्था जिला चमोली से पूनम देवी, संगीता देवी, हिमालयन ग्राम विकास समिति, गंगोलीहाट जिला पिथौरागढ़ से रमा भट्ट, अलख स्वायत्त सहकारिता संस्था जिला नैनीताल से गंगा बिष्ट, बसंती बिष्ट को यूसर्क के द्वितीय महिला प्रयोग धर्मी सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहीं 30 अन्य महिलाओं को एक संस्था द्वारा नारी शक्ति सम्मान देकर सम्मानित किया गया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया खेलो इंडिया दस का दम वुमन लीग का उद्घाटन
देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को डीएवी पीजी कॉलेज पहुंचे। जहां कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने खेलो इंडिया दस का दम वुमन लीग का उद्घाटन किया। साथ ही ओएनजीसी बैडमिंटन हॉल में 32.05 लाख की लागत से बनने वाले हिमांशु नैथानी स्मारक का लोकार्पण भी किया।
मंत्री जोशी ने महर्षि दयानंद सरस्वती के 200 वीं जयंती समारोह का भी शुभारंभ किया। इससे पहले महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद, पुरन सिंह नेगी की प्रतिमा और शौर्य दीवार पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मंत्री गणेश जोशी ने पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पीएम मोदी ने ‘खेलो इंडिया कार्यक्रम शुभारंभ किया गया है।
कहा आज देश में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का प्रयास किए जा रहे है।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। राज्य में युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर विधायक खजानदास, भाजपा प्रदेश मंत्री आदेश चौहान, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केआर जैन, ओएनजीसी ईडी नारायनी, रामनाथ दिवेदी, शमशेर सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।
26 अप्रैल को फुटहिल एमटीबी चेलेंज साइकिल रेस का आयोजन
देहरादून। एडवेंथरील संस्था की ओर से देहरादून में 26 अप्रैल को फुटहिल एमटीबी चेलेंज साइकिल रेस का आयोजन किया जाएगा। चार दिवसीय प्रतियोगिता में देश विदेश के खिलाड़ी शामिल होंगे।
दून में शनिवार को हुई प्रेसवार्ता में संस्था के संस्थापक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि रेस देहरादून से शुरू होकर मदराज, दुदली, धनोल्टी होते हुए वापस देहरादून पहुंचेगी। इस मे टॉप&10 विजेताओं को केस प्राइस दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने किया उत्तराखंड की बेटी दिव्या नेगी को सम्मानित
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में उत्तराखंड की बेटी दिव्या नेगी को सम्मानित किया। दिव्या नेगी ने नई दिल्ली में नेशनल यूथ पार्लियामेंट फेस्टिवल में भारत में जी -20 का प्रतिनिधित्व : एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य विषय पर भाषण दिया था, जिसे काफी सराहना मिली। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दिव्या नेगी को राज्य सरकार की उपलब्धि पर आधारित पुस्तक ’एक साल नई मिसाल’ एवं ’मोदी @20 ड्रीम मीट डिलीवरी’ पुस्तक भेंट की।
जमरानी बांध परियोजना को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में शामिल करने की मिली मंजूरी
देहरादून। प्रदेश की महत्वपूर्ण जमरानी बांध परियोजना को पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड (पी.आई.बी.) द्वारा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में शामिल करने के लिए स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री के अनुरोध पर पूर्व में जमरानी बांध परियोजना को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत सम्मिलित करने की स्वीकृति जल शक्ति मंत्रालय द्वारा गठित स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में प्रदान की गई थी। अब वित्त मंत्रालय की पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड द्वारा इसे प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में शामिल करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
विधायक राजपुर की अध्यक्षता में हुआ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन
देहरादून। राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के फलस्वरूप प्रदेश स्तर ‘जन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहे है। जिसके अन्तर्गत समस्त विधानसभाओं में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे है इसी श्रृंखला में आज विधानसभा राजपुर क्षेत्रान्तर्गत अमरीक हॉल , रेसकोर्स गुरू गोविन्द सिंह चैक में मा0 विधायक राजपुर खजानदास की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया है।
बहुउददेशीय शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल के माध्यम से अपने-विभाग से सम्बन्धित जानकारी जनमानस को दी गई। बहुउद्देशीय शिविर में पंचायतीराज विभाग, समाज कल्याण विभाग, जल संस्थान, खादी ग्रामोद्योग, उद्यान विभाग, उद्योग विभाग, कृषि विभाग, डेयरी विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग आदि विभागों द्वारा स्टॉल लगाये गए थे। माननीय विधायक द्वारा स्टॉल का निरीक्षण किया इस अवसर पर माननीय विधायक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य जांच कराई। इस दौरान माननीय विधायक ने कन्याओं का पूजन भी किया।
माननीय विधायक राजपुर ने खजानदास ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविर के माध्यम से जनमानस की समस्या का उन्ही के क्षेत्र में निस्तारण हो इसके लिए उन्हें भटकना न पड़े इसके लिए राज्य सरकार द्वारा समस्त प्रदेश के विकासखण्ड स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर का आयोजित किये जा रहा है। उन्होनें अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिकारी क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारण करें तथा क्षेत्रों में भ्रमण करें जिससे क्षेत्रवासियों को अपने ही क्षेत्र में समस्याओं का समाधान मिले अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े।
मुख्य विकास अधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बहुउद्देशीय शिविर में प्राप्त आवेदनों त्वरित प्रक्रिया करते हुए पात्र लाभार्थियों को सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी अपने स्तर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं आवदनों पर नियमानुसार कार्यवाही करें, जिससे जनसामान्य को अपनी समस्याओं के निस्तारण हेतु भटकना न पड़े।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुश्री झरना कमठान, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ० विद्याधर कापड़ी, सहित पंचायतीराज विभाग, समाज कल्याण विभाग, जल संस्थान, खादी ग्रामोद्योग, उद्यान विभाग, उद्योग विभाग, कृषि विभाग, डेयरी विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग आदि विभागों के अधिकारी/कािर्मक मौजूद रहे। इस अवसर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने की माँ डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना
देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शनिवार को नवरात्रि के पावन अवसर पर देहरादून के माँ डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य के लिए कामना की। उन्होंने कहा कि आदिशक्ति देवी दुर्गा का चतुर्थ स्वरूप माँ-कुष्मांडा सभी को आयु, यश, बल और आरोग्य प्रदान करे। इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर भी उपस्थित रहीं।