Gujarat IPS Transfer : गुजरात में फेस्टिव सीजन और आगामी नगर निगम चुनावों को देखते हुए भूपेंद्र पटेल सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए एक साथ 85 आईपीएस और 31 राज्य पुलिस सेवा (एसपीएस) अधिकारियों का तबादला कर दिया है।
इस बड़े बदलाव में राज्य के 33 में से 25 जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी शामिल हैं। यह कदम फेस्टिव सीजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाया गया है। आइए जानते हैं, इस फेरबदल में कौन-कौन से बड़े बदलाव हुए हैं।
पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव
सोमवार देर रात गुजरात सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। इस तबादले में 1991 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मनोज अग्रवाल को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभी तक नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड्स के महानिदेशक रहे मनोज अग्रवाल को अब डीजीपी, सीआईडी (क्राइम और रेलवे), गांधीनगर बनाया गया है। यह बदलाव फेस्टिव सीजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए किया गया है, ताकि गुजरात में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
सूरत और अहमदाबाद में नए चेहरे
इस फेरबदल में कई बड़े शहरों में नए पुलिस अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। वलसाड के एसपी करणराज वाघेला को सूरत शहर में आर्थिक शाखा का डीसीपी बनाया गया है। वहीं, मोरबी के एसपी राहुल त्रिपाठी अब अहमदाबाद शहर की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के डीसीपी होंगे।
राजकोट के एसपी हिमकर सिंह को अहमदाबाद की आर्थिक शाखा का डीसीपी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, वडोदरा के एसपी रोहन आनंद को सीआईडी क्राइम की एंटी-इकोनॉमिक ऑफेंस विंग का एसपी बनाया गया है, जबकि उनकी जगह हिमांशु वर्मा अब वडोदरा सिटी क्राइम ब्रांच के डीसीपी होंगे।
कई जिलों में नए एसपी की नियुक्ति
तबादलों की इस लहर में कई जिलों के एसपी भी बदले गए हैं। डांग जिले के एसपी यशपाल जगनिया को वेस्टर्न रेलवे, अहमदाबाद का एसपी बनाया गया है। भरूच के एसपी एमजे चावड़ा अब गांधीनगर में स्टेट मॉनिटरिंग सेल के एसपी होंगे। उनकी जगह बनासकांठा के एसपी अक्षयराज को भरूच का नया एसपी नियुक्त किया गया है। वहीं, नर्मदा जिले के एसपी प्रशांत सुम्बे अब बनासकांठा के नए एसपी होंगे।
सूरत में जोन-7 की कमान शेफाली बर्वाल को
अर्वली की एसपी शेफाली बर्वाल को सूरत शहर के जोन-7 का डीसीपी बनाया गया है। जामनगर के एसपी प्रेमसुख डेलू अब सुरेंद्रनगर के नए एसपी होंगे। इसके साथ ही देवभूमि द्वारका के एसपी नितेश पांडे को भावनगर का एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि नवसारी के एसपी सुशील अग्रवाल अब वडोदरा जिले की कमान संभालेंगे।
कई जिलों में भी हुए बदलाव
इस फेरबदल में खेड़ा, साबरकांठा, पंचमहल, महिसागर, तापी, गिर सोमनाथ, दाहोद और बोटाद जैसे जिलों के एसपी भी बदले गए हैं। इसके अलावा, कम से कम 10 आईपीएस अधिकारियों को, जिनमें मेहसाणा, सूरत और सुरेंद्रनगर के डीआईजी शामिल हैं, अभी किसी पद पर नियुक्त नहीं किया गया है। इन अधिकारियों को अगले आदेश तक पोस्टिंग की प्रतीक्षा में रखा गया है।
फेस्टिव सीजन और चुनाव की तैयारी
यह बड़ा प्रशासनिक बदलाव गुजरात में आने वाले फेस्टिव सीजन और नगर निगम चुनावों को ध्यान में रखकर किया गया है। सरकार का मकसद है कि इन बदलावों से पुलिस विभाग और मजबूत हो, ताकि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और चुनाव सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।









