Lucknow: लखनऊ में एक सिपाही की पत्नी ने ऐसा कदम उठाया कि हर कोई हैरान रह गया। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाने में तैनात सिपाही अनुराग सिंह की पत्नी सौम्या ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जो अब लोगों के दिलों को झकझोर रहा है।
इस वीडियो में सौम्या फूट-फूटकर रो रही थी और अपने पति व ससुराल वालों की क्रूरता की दास्तां सुना रही थी। आखिर क्या हुआ कि सौम्या को अपनी जान देने का फैसला करना पड़ा? चलिए, आपको बताते हैं पूरा मामला।
लव मैरिज के बाद शुरू हुआ दर्दनाक सिलसिला
सौम्या और सिपाही अनुराग सिंह की चार महीने पहले लव मैरिज हुई थी। दोनों ने बड़े अरमानों के साथ नई जिंदगी शुरू की थी, लेकिन यह खुशी ज्यादा दिन नहीं टिकी। शादी के कुछ ही समय बाद सौम्या के ससुराल वाले उसे ताने मारने लगे। वजह थी दहेज। सौम्या अपने साथ कोई दहेज नहीं लाई थी, जिसके चलते ससुराल वालों का गुस्सा उस पर उतरने लगा। सौम्या को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
ससुराल की प्रताड़ना से टूट गई सौम्या
सौम्या की जिंदगी उस समय और मुश्किल हो गई, जब अनुराग ने अपने परिवार के दबाव में आकर उस पर दूसरी शादी का दबाव डालना शुरू किया। इतना ही नहीं, सौम्या ने अपने वायरल वीडियो में खुलासा किया कि अनुराग अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। वीडियो में सौम्या ने रोते हुए कहा, “मेरे पति को वकील ने मुझे जान से मारने की सलाह दी और कहा कि वह उसे बचा लेगा।” इस दर्दनाक वीडियो में सौम्या ने साफ कहा कि ससुराल वालों की प्रताड़ना ने उसे इस कदर तोड़ दिया कि उसने आत्महत्या का रास्ता चुन लिया।
फंदे से लटकने से पहले बनाया वीडियो
सौम्या ने अपनी जिंदगी खत्म करने से पहले इंस्टाग्राम पर यह दिल दहलाने वाला वीडियो पोस्ट किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह रोते हुए अपनी आपबीती सुना रही है और ससुराल वालों की क्रूरता का जिक्र कर रही है। इस वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा और हर कोई सौम्या के दर्द को महसूस कर रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सौम्या की आत्महत्या की खबर मिलते ही बीकेटी पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने सौम्या के शव को कब्जे में लिया और उसके मायके वालों को सूचना दी। सौम्या का मायका मैनपुरी में है। उत्तरी लखनऊ के पुलिस अधिकारी जितेंद्र दुबे ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया, “प्रभारी निरीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया।
परिवार वालों को सूचित किया गया है और फोरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है।” पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि सच सामने आ सके।








