MP Weather : मध्यप्रदेश में सर्दी ने अपनी दस्तक दे दी है, लेकिन कई जिलों में बारिश का दौर अभी भी जारी है। मानसून ने प्रदेश के कई हिस्सों को अभी तक अलविदा नहीं कहा है। मौसम विभाग की मानें तो सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, जबलपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जैसे जिलों में मानसून की सक्रियता बनी हुई है।
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक एमपी के पूर्वी हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, शनिवार को भी कई जिलों में हल्की बारिश ने लोगों को चौंकाया।
अगले चार दिन बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, एमपी के पूर्वी हिस्सों में लोकल सिस्टम की सक्रियता के कारण बारिश की संभावना बनी हुई है। सिवनी, मंडला, बालाघाट, अनूपपुर और डिंडौरी जैसे जिले अगले चार दिनों तक बारिश की चपेट में रह सकते हैं। दूसरी ओर, पश्चिमी मध्यप्रदेश में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है।
भोपाल में सर्दी ने दी दस्तक
राजधानी भोपाल में सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। मानसून की विदाई के बाद सुबह, शाम और रात के वक्त ठंडक का एहसास होने लगा है। बीते एक हफ्ते में न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। घरों में पंखों की स्पीड कम हो गई है, और लोग अब रजाई-कंबल की तैयारी में जुट गए हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी। इस बार मानसून ने पांच दिन की देरी से विदाई ली, लेकिन सर्दी ने तय समय से पहले दस्तक दे दी।
पिछले तीन सालों में सर्दी अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में शुरू होती थी, लेकिन इस बार पहले पखवाड़े में ही ठंड का असर दिखने लगा है। पिछले चार दिनों से भोपाल का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
विंटर विंड पैटर्न सेट होने लगा
मौसम विशेषज्ञ पीके साहा ने बताया कि धीरे-धीरे विंटर विंड पैटर्न सेट हो रहा है। सर्दियों में उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ता है, और अब उत्तर, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने लगी हैं। इन हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो सकता है, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है।
दिन में बादल, रात में ठंडक
शनिवार को भोपाल में हल्के बादलों के बीच धूप भी खिली रही। इसके बावजूद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान में आधा डिग्री की कमी आई, जबकि न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट देखी गई।









