IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैच शुरू होने वाला है। लेकिन इस मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को दो बड़े झटके लगे हैं।
टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और आकाशदीप चोट की वजह से मुश्किल में हैं। इन दोनों की जगह अब युवा गेंदबाज अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया गया है।
खबरों की मानें तो अर्शदीप और आकाशदीप की चोट ने टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है। आकाशदीप को कमर में दर्द की शिकायत है। उन्होंने इस सीरीज में बर्मिंघम और लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे और तीसरे टेस्ट में हिस्सा लिया था।
वहीं, अर्शदीप अभी तक इस सीरीज में अपना टेस्ट डेब्यू नहीं कर पाए हैं। गुरुवार को बेकेनहैम में नेट प्रैक्टिस के दौरान उनके बाएं हाथ में चोट लग गई, जिसके बाद उनके हाथ में पट्टी बंधी हुई देखी गई।
टीम मैनेजमेंट ने साफ किया है कि अर्शदीप का मैनचेस्टर टेस्ट में खेलना मुश्किल लग रहा है, जबकि आकाशदीप की उपलब्धता पर भी अभी सस्पेंस बरकरार है। ऐसे में चयनकर्ताओं ने हरियाणा के 24 साल के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को मौका दिया है।
अंशुल ने हाल ही में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ भारत ए के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने नॉर्थम्प्टन और कैंटरबरी में चार पारियों में पांच विकेट लिए थे। इसके अलावा पिछले साल रणजी ट्रॉफी में केरल के खिलाफ लाहली में एक पारी में 10 विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी थीं।
भारतीय टीम के सहायक कोच रयान टेन डोएशेट ने कहा, “हम अर्शदीप की चोट को देखते हुए अपनी रणनीति बनाएंगे। उनकी चोट ज्यादा गहरी नहीं है, लेकिन हमें मैनचेस्टर पहुंचकर हालात का जायजा लेना होगा।”
अब देखना यह है कि क्या अंशुल कंबोज इस मौके को भुना पाते हैं और भारतीय टीम को इस अहम टेस्ट में मजबूती दे पाते हैं।








