Dehradun Crime : थाना कैण्ट पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में फरार चल रहे एक रिटायर्ड आर्मी जवान को धर दबोचा है। आरोपी ने शराब के नशे में अपनी पत्नी से झगड़ा कर उसके सिर पर बोतल और सिलबट्टे से वार किया था। घटना के बाद पत्नी की मौत हो गई, लेकिन आरोपी ने इसे हादसा बता दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सबूत भी बरामद कर लिए हैं।
शराबी झगड़े ने लिया भयानक रूप
12 अक्टूबर की रात को आरोपी प्रेम बहादुर थापा और उनकी पत्नी कोपिला थापा के बीच शराब पीने को लेकर घर में तीखा विवाद हो गया। गुस्से में आरोपी ने पत्नी को धक्का दिया, फिर शराब की बोतल, गिलास और पास पड़े पत्थर के सिलबट्टे से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। इससे पत्नी का सिर दीवार से टकराया और वो बेहोश हो गई।
सिर से खून बहने लगा, तो आरोपी घबरा गया
उसने पहले बाथरूम जाकर सारा खून साफ किया, फिर पड़ोसियों को झूठी कहानी सुनाई कि पत्नी बाथरूम में फिसलकर घायल हो गई। पड़ोसियों की मदद से उसे मिलिट्री हॉस्पिटल गढ़ी कैंट ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नेपाल से इलाज के बहाने आया था दंपति
आरोपी प्रेम बहादुर थापा ने पूछताछ में बताया कि वो 2007 में आर्मी से रिटायर्ड हो चुके हैं। उनकी पत्नी कोपिला थापा मानसिक और दूसरी बीमारियों से जूझ रही थीं। CGHS कार्ड से मुफ्त इलाज की सुविधा मिलने पर उन्होंने 5 सितंबर 2025 को पत्नी को नेपाल के पोखरा से देहरादून के मिलिट्री हॉस्पिटल लाया। 5 से 12 सितंबर तक वो हॉस्पिटल में ही रहे, उसके बाद डाकरा बाजार गढ़ी कैंट में 4500 रुपये मासिक किराए पर एक कमरा लिया। लेकिन 12 अक्टूबर को शराब के नशे में सब कुछ बदल गया।
घटना छिपाने की कवायद, पुलिस ने खोल दी पोल
मौत के बाद आरोपी ने परिजनों और बाकी लोगों को बाथरूम में फिसलने वाली हादसे की बात बताई। घर की दीवारों पर लगे खून के निशान पानी से धो डाले। अगले दिन खून लगी शराब की खाली कांच की बोतल, टूटा गिलास और सिलबट्टा को काली प्लास्टिक की पन्नी में लपेटकर डाकरा MH रोड के जंगल में कूड़े के ढेर में फेंक दिया। लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के सख्त निर्देशों पर थाना कैण्ट की टीम ने 15 अक्टूबर को आरोपी को कैण्ट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से सारे सबूत बरामद कर लिए।
शिकायत पर दर्ज हुई FIR, तुरंत कार्रवाई
पीड़ित के बेटे अर्जुन थापा ने 15 अक्टूबर को थाना कैण्ट में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि मां कोपिला थापा लंबे समय से बीमार चल रही थीं। इलाज के लिए पिता प्रेम बहादुर उन्हें नेपाल से मिलिट्री हॉस्पिटल लाए थे और डाकरा बाजार में कमरा लिया था। 12 अक्टूबर को शराबी झगड़े में मां का सिर दीवार से लग गया, बेहोशी के बाद हॉस्पिटल में मौत हो गई। तहरीर पर मुकदमा संख्या 169/2025 धारा 105 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए, जिस पर टीम ने फौरन अमल किया।
आरोपी का पूरा विवरण
प्रेम बहादुर थापा, उम्र 60 वर्ष, पुत्र कृष्ण बहादुर थापा, निवासी लेन नंबर 15, पोखरा प्रतिभा मार्ग, रामबाजार, थाना पोखरा, जनपद कास्की, नेपाल।
बरामद सामान
घटना में इस्तेमाल शराब की कांच की बोतल (खून लगी), टूटा कांच का गिलास और पत्थर का गोलनुमा सिलबट्टा (खूनालुदा)।
पुलिस टीम
गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक कमल सिंह रावत कोतवाली कैंट, उपनिरीक्षक राकेश पंवार चौकी प्रभारी सर्किट हाउस, सहायक उपनिरीक्षक रमेश चंद्र जोशी, कांस्टेबल सुभाष मेहर और कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह शामिल थे।









