Diabetes Symptoms : आजकल हर घर में किसी न किसी को शुगर यानी डायबिटीज की समस्या देखने को मिल ही जाती है।
यह बीमारी अधिकतर हमारी गलत जीवनशैली और खानपान की वजह से होती है। डायबिटीज को अक्सर “साइलेंट किलर” भी कहा जाता है, क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण आसानी से महसूस नहीं होते।
शुगर का असर शरीर के कई अंगों पर पड़ता है, और अक्सर इसका संकेत शरीर में दर्द के रूप में दिखता है।
अगर आपको अचानक किसी कारण से जोड़ों, कंधों, हाथों, पैरों या मसूड़ों में दर्द महसूस हो रहा है, तो इसे हल्के में न लें। यह डायबिटीज के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं।
जोड़ों में दर्द
बिना किसी चोट या ज़्यादा मेहनत के जोड़ों में लगातार दर्द होना डायबिटीज का एक आम लक्षण हो सकता है। जब ब्लड शुगर लेवल बढ़ता है, तो मांसपेशियां, हड्डियां और लिगामेंट्स कमजोर पड़ने लगते हैं।
इसके कारण जोड़ों में सूजन, अकड़न और दर्द महसूस होने लगता है। लंबे समय तक दर्द रहना या ज्वाइंट्स की मूवमेंट में दिक्कत होना डॉक्टर से सलाह लेने का संकेत है।
कंधों में अकड़न और दर्द
अगर कंधों में लगातार भारीपन, अकड़न या दर्द महसूस हो रहा है, तो इसे नजरअंदाज न करें। यह फ्रोजन शोल्डर यानी डायबिटीज से जुड़ी समस्या हो सकती है।
शुगर बढ़ने पर ब्लड सर्कुलेशन सही तरीके से नहीं होता, जिससे कंधों की मांसपेशियों में दर्द और अकड़न रहती है।
हाथों में बदलाव
हाथों में सुन्नपन, उंगलियों में सूजन या दर्द, हाथों की त्वचा का सख्त होना भी डायबिटीज के लक्षण हो सकते हैं। इसे मेडिकल टर्म में “डायबिटिक हैंड सिंड्रोम” कहा जाता है। अगर अचानक हाथों में कोई बदलाव दिखाई दे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
पैरों में दर्द, झनझनाहट या जलन
पैरों में दर्द, सनसनाहट या जलन महसूस होना भी डायबिटीज का संकेत है। शुगर बढ़ने पर नसें पतली हो जाती हैं और ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है। इससे पैरों में लगातार दर्द और झनझनाहट रहती है। ऐसे में डॉक्टर से जांच कराना बहुत जरूरी है।
मसूड़ों की समस्याएं
शुगर के बढ़ने से मसूड़ों में दर्द, खून बहना, छिलना या कमजोरी भी दिखाई दे सकती है। ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होने से मसूड़ों में बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं, और मसूड़ों की समस्या और बढ़ जाती है।
शरीर के इन अंगों में अचानक या लगातार दर्द महसूस होना डायबिटीज के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं। अगर आपको इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई दे, तो बिना देर किए डॉक्टर की सलाह अवश्य लें।
सही समय पर जांच और इलाज से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है।









