Pension Process : केंद्र सरकार ने देश के लाखों सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। अब रिटायरमेंट के बाद पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ (Retirement Benefits) पाने के लिए महीनों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार ने पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoPPW) के जरिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जो कर्मचारियों के लिए रिटायरमेंट को आसान और तनावमुक्त बनाएंगे।
इन नियमों का मकसद है कि हर कर्मचारी को रिटायरमेंट के तुरंत बाद उसका पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) मिल जाए।
पेंशन प्रक्रिया होगी डिजिटल और तेज
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoPPW) ने नए दिशा-निर्देशों में साफ कहा है कि सभी मंत्रालयों और सरकारी विभागों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कर्मचारी का PPO रिटायरमेंट से पहले ही तैयार हो जाए। इसके लिए सभी विभागों को कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं (Service Books) को डिजिटल करने का आदेश दिया गया है।
अब कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड e-HRMS सिस्टम पर ऑनलाइन होगा। इससे पेंशन प्रक्रिया (Pension Process) न सिर्फ तेज होगी, बल्कि पूरी तरह पारदर्शी भी बनेगी। अब कर्मचारियों को कागजी कार्रवाई के चक्कर में नहीं भटकना पड़ेगा।
हर विभाग में होगा ‘पेंशन मित्र’
सरकार ने एक खास कदम उठाते हुए हर विभाग में ‘पेंशन मित्र’ या ‘वेलफेयर ऑफिसर’ नियुक्त करने का फैसला किया है। यह अधिकारी रिटायर होने वाले कर्मचारियों की हर तरह से मदद करेगा। चाहे पेंशन आवेदन भरना हो, जरूरी दस्तावेज जुटाने हों या प्रक्रिया को समझना हो, यह अधिकारी हर कदम पर साथ देगा। अगर किसी कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है, तो यह अधिकारी उनके परिवार को फैमिली पेंशन (Family Pension) दिलाने में भी सहायता करेगा।
इसके अलावा, अगर किसी कर्मचारी के खिलाफ कोई जांच चल रही हो, तो भी उसकी पेंशन रुकेगी नहीं। ऐसी स्थिति में उसे अंतरिम पेंशन दी जाएगी। हालांकि, ग्रेच्युटी (Gratuity) को अंतिम आदेश आने तक रोका जा सकता है।
‘भाविष्य पोर्टल’ से मिलेगी पारदर्शिता
पेंशन प्रक्रिया को और आसान बनाने के लिए सरकार ने सभी मंत्रालयों को ‘भाविष्य पोर्टल’ से जोड़ने का निर्देश दिया है। यह पोर्टल पेंशन से जुड़े सभी मामलों की रियल-टाइम निगरानी करेगा। इस सिस्टम से यह सुनिश्चित होगा कि रिटायरमेंट से कम से कम दो महीने पहले कर्मचारी का PPO जारी हो जाए। इसके साथ ही एक निरीक्षण निगरानी प्रणाली (Inspection Monitoring System) भी बनाई गई है। हर मंत्रालय में नोडल निरीक्षण समिति होगी, और उच्च-स्तरीय निरीक्षण समिति (HLOC) हर दो महीने में लंबित मामलों की समीक्षा करेगी। इससे पेंशन फाइलों का लंबित रहना अब इतिहास बन जाएगा।
दो महीने पहले मिलेगा PPO
केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियम, 2021 (Central Civil Services Pension Rules) के तहत अब यह अनिवार्य कर दिया गया है कि कर्मचारी का PPO रिटायरमेंट से कम से कम दो महीने पहले जारी हो। सरकार का कहना है कि यह बदलाव सिर्फ प्रक्रिया को तेज करने के लिए नहीं, बल्कि रिटायरमेंट को तनावमुक्त और सम्मानजनक बनाने के लिए है। अब कर्मचारियों को अपने हक के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
कर्मचारियों के लिए नई उम्मीद
इन नए नियमों से सरकारी कर्मचारियों में खुशी की लहर है। सरकार का यह कदम न सिर्फ पेंशन प्रक्रिया (Pension Process) को आसान बनाएगा, बल्कि प्रशासन में पारदर्शिता और दक्षता को भी बढ़ाएगा।
अब रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए दर-दर भटकना नहीं पड़ेगा। यह कदम सरकारी कर्मचारियों के लिए एक बड़ा तोहफा है, जो उनके रिटायरमेंट को और भी सुकून भरा बनाएगा।









