Lenskart Smart Glasses : लोकप्रिय आई-वियर ब्रांड Lenskart ने टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक नया धमाल मचाने का ऐलान कर दिया है। Global Fintech Festival (GFF) 2025 में कंपनी ने अपने नए B Camera Smart Glasses लॉन्च करने की बात कही है। ये स्मार्ट चश्मा न सिर्फ कैमरा लेकर आएगा, बल्कि इसके जरिए आप बिना पिन डाले UPI पेमेंट भी कर सकेंगे। जी हां, अब चश्मा पहनकर पेमेंट करना होगा बेहद आसान और स्टाइलिश!
वॉइस कमांड से होगा सब कुछ
Lenskart के B Camera Smart Glasses में एक ऐसा फीचर है, जो इसे सबसे अलग बनाता है। अब आपको पेमेंट करने के लिए जेब से फोन निकालने की जरूरत नहीं। बस वॉइस कमांड दें, QR कोड स्कैन करें और पेमेंट हो जाएगा।
ये प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित होगी, क्योंकि इसमें सिक्योर बैंक ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल होगा। पहली बार किसी स्मार्ट ग्लास में UPI पेमेंट का फीचर मिलेगा, जो यूजर्स के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है।
NPCI की टेक्नोलॉजी का कमाल
कंपनी ने बताया कि B Camera Smart Glasses में NPCI की UPI Circle टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा। ये तकनीक आपके बैंक अकाउंट को सीधे स्मार्ट ग्लास से जोड़ेगी। इसके अलावा, इन ग्लासेस में ऑन-द-गो POV (पॉइंट ऑफ व्यू) कैमरा और बिल्ट-इन AI फीचर्स भी होंगे। यानी, आप स्मार्ट रिकॉर्डिंग, फेस रिकग्निशन और इंस्टेंट पेमेंट जैसे शानदार फीचर्स का मजा ले सकेंगे।
Lenskart का बड़ा दांव
Lenskart के CEO पियूष बंसल ने इसे एक क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने कहा, “हम B Camera Smart Glasses के जरिए कैमरा और पेमेंट्स को एक साथ जोड़कर यूजर्स को बिल्कुल नया अनुभव देना चाहते हैं।” ये स्मार्ट ग्लासेज अगले कुछ महीनों में बाजार में आ सकते हैं और टेक्नोलॉजी के साथ स्टाइल का तड़का लगाने को तैयार हैं।









