Ankita Bhandari Case : अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है. वायरल वीडियो से सुर्खियों में आई उर्मिला सनावर ने अब सीधे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को खुली चुनौती दे दी है. उर्मिला ने सोशल मीडिया पर चेतावनी दी है कि वे आज रात महेंद्र भट्ट के ‘चरित्र’ से जुड़ा एक ऑडियो वायरल कर सकती हैं. यह तीखा पलटवार भट्ट द्वारा उर्मिला को ‘कांग्रेस का टूलकिट’ कहे जाने के ठीक बाद आया है.
उर्मिला सनावर ने महेंद्र भट्ट के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए दावा किया कि भट्ट उनसे कई बार मिल चुके हैं. उन्होंने लिखा कि महेंद्र भट्ट ने ही उन्हें ज्वालापुर सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी करने को कहा था और उनकी काबिलियत की तारीफ की थी. उर्मिला ने सवाल दागा कि अगर वह चरित्रहीन हैं, तो फिर भट्ट की उनके साथ इतनी तस्वीरें क्यों हैं? उन्होंने साफ लहजे में कहा कि जैसे महेंद्र भट्ट उनका चरित्र बता रहे हैं, अब उनका भी हक बनता है कि वे ऑडियो जारी कर भट्ट की सच्चाई बताएं.
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब 23 दिसंबर को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने उर्मिला सनावर के उस वीडियो का हवाला दिया जिसमें ‘गट्टू’ नाम के शख्स को अंकिता भंडारी केस का ‘वीआईपी’ बताया गया है. उर्मिला खुद को भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं, हालांकि राठौर इस रिश्ते से लगातार इनकार करते रहे हैं. इसी वीडियो को आधार बनाकर गोदियाल ने भाजपा के बड़े नेताओं को घेरा था.
महेंद्र भट्ट का पलटवार और मुकदमे की चेतावनी
महेंद्र भट्ट ने उर्मिला के आरोपों को कांग्रेस की साजिश करार दिया है. उनका कहना है कि कांग्रेस एक ऐसी महिला को हथियार बना रही है जिसका सामाजिक रूप से कोई अस्तित्व नहीं है और जिसे उसका पति तक अपनाने को तैयार नहीं है. भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इसके जरिए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम की छवि खराब करना चाहती है और अंकिता की आत्मा पर लांछन लगा रही है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि उर्मिला सनावर के खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं और अब एक दलित नेता पर झूठे आरोप लगाने के चलते उन पर कई और मुकदमे दर्ज कराए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इस हरकत से अनुसूचित जाति समाज में भारी आक्रोश है और भाजपा का मोर्चा देश भर में कांग्रेस का पुतला दहन करेगा. भट्ट ने नसीहत देते हुए कहा कि अगर उर्मिला के पास सच में कोई सबूत है, तो वे सोशल मीडिया पर धमकियां देने के बजाय अदालत का दरवाजा खटखटाएं.









